FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhand​पौड़ी गढ़वाल

पौड़ी में भीषण सड़क हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी ईको वैन, सात महिलाओं समेत 8 की मौत, चार घायल।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में सात महिलाओं और वाहन चालक समेत कुल आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

  • ​बैंक का काम निपटाकर गांव लौट रही थीं महिलाएं

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण गांव की स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी कार्य के लिए सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी महिलाएं एक ईको वैन में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रही थीं। वाहन में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। इसी दौरान रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

  • ​अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला ने तोड़ा दम

हादसे में सात लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला ने रिखणीखाल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक अत्यंत गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर एम्स (AIIMS) ऋषिकेश भेजने की तैयारी की जा रही है।

  • ​ग्रामीणों और प्रशासन ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान

दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों, पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से कठिन रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को कब्जे में लिया।

​हादसे में जान गंवाने वालों की सूची:

  • ​1. कान्ति देवी (45 वर्ष)
  • ​2. रेखा देवी (42 वर्ष)
  • ​3. अनिल देबराडा (48 वर्ष – वाहन चालक)
  • ​4. सुमित्रा देवी (50 वर्ष)
  • ​5. सुनीता देवी (45 वर्ष)
  • ​6. धनेश्वरी देवी (46 वर्ष)
  • ​7. सरोजनी देवी (38 वर्ष)
  • ​8. रजनी देवी (25 वर्ष)

​हादसे में घायल लोगों की सूची:

​1. शशी देवी (35 वर्ष)

​2. शकुन्तला देवी (45 वर्ष)

​3. जगदीश सिंह

​4. सत्यवती देवी (36 वर्ष)

​एक ही क्षेत्र के आठ लोगों की असमय मौत से कोटनाली भंगलवाण सहित पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share This News