जौलजीवी में राजी जनजाति की समस्याओं के समाधान हेतु समीक्षा बैठक आयोजित, जिला जज ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़/जौलजीवी : उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय, नैनीताल के निर्देशानुसार राजी जनजाति के उत्थान एवं उनकी समस्याओं के जमीनी स्तर पर निराकरण हेतु गठित समिति द्वारा आज जौलजीवी में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक समिति के अध्यक्ष एवं जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पिथौरागढ़ कंवर अमनिन्दर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में राजी जनजाति बाहुल्य ग्रामों—विशेष रूप से गांगा गांव, किमखोला, भक्तिरवा, चिफलतरा एवं कंतोली से आए ग्रामीणों और परिवारों ने समिति के समक्ष अपनी मूलभूत समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से जमीन के मालिकाना हक, शिक्षा, रोजगार व आजीविका, पेयजल संकट, सड़क निर्माण और जाति व स्थायी प्रमाण-पत्र बनवाने में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया।
इसके अतिरिक्त, बैठक में कृषि विभाग से जुड़ी समस्याओं, वृद्धा पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा किमतोला और गांगा गांव में बहुउद्देशीय भवनों से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों ने आश्रम पद्धति विद्यालय गोठी एवं आश्रम पद्धति विद्यालय बलुवाकोट की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।
सभी पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद समिति के अध्यक्ष एवं जिला जज कंवर अमनिन्दर सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इस समीक्षा बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मंजू देवी, समिति की सदस्या रेणू ठाकुर, सदस्य जय सिंह रजवार, चीफ एल.ए.डी.सी.एस. प्रदीप पाठक, पीएलवी खीमा जेठी सहित संबंधित ग्रामों के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

