राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग।राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में “संविधान दिवस” हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्र गीत ” वन्दे मातरम” से हुआ। इसके पश्चात प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने “संविधान दिवस” के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माण का इतिहास के बारे में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने भारतीय संविधान में निहित प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए स्पष्ट किया कि सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिये नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना होनी चाहिए। उन्होंने भारतीय संविधान को निर्मित करने में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की भूमिका के बारे में चर्चा की। इस अवसर पर समस्त प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने संविधान दिवस की शपथ ली। राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.सुबोध भंडारी ने भारतीय संविधान में उल्लिखित मौलिक अधिकार तथा लोकतान्त्रिक मूल्यों के बारे में छात्र- छात्राओं को विस्तार से समझाया एवं संविधान के व्यावहारिक दृष्टिकोण को अपनाने की बात कही। राजनीति विज्ञान विभाग की विभाग प्रभारी डॉ. संतोषी ने संविधान के उद्देश्य को विद्यार्थियों के समक्ष साझा किया। इसके उपरांत अजीम प्रेम जी द्वारा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों से भारतीय संविधान के संबंध में प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उक्त प्रतियोगिता में उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र ने किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

