जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछुल का औचक निरीक्षण किया।

एनएचएल नेटवर्क।

पिथौरागढ। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने शनिवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछुल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली और खण्ड शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने जिलाधिकारी का स्वागत किया, जहां छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया।जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्ष, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षा और स्वच्छता व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। स्मार्ट कक्षा में वर्चुअल लर्निंग के दौरान उन्होंने छात्रों से प्रत्यक्ष प्रश्न पूछकर उनकी सीखने की क्षमता और तर्कशक्ति का मूल्यांकन किया। छात्रों के त्वरित और आत्मविश्वासपूर्ण उत्तरों पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान महोदय ने छात्रों द्वारा तैयार की गई दीवार पत्रिका, शैक्षिक मॉडल, अल्पना और कला-संस्कृति से जुड़ी रचनाओं को सराहा। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ छात्रों की रचनात्मकता और सीखने की रुचि को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मध्यान्ह भोजन के समय जिलाधिकारी ने शिक्षकों और छात्रों के साथ भोजन किया। स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों मड़ुए की रोटी, भट्ट की चुड़कानी और गड़ेरी की सब्जी की सराहना करते हुए उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर संतोष व्यक्त किया। छात्रों से संवाद में जिलाधिकारी ने उन्हें मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को शैक्षिक गुणवत्ता, स्वच्छता, उपस्थिति और डिजिटल शिक्षा को और मजबूत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Share This News