पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में गर्जन वाले बादल विकसित होने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी की संभावना ।

 

एनएचएल नेटवर्क डैस्क।

देहरादून। पर्वतीय इलाकों में जहां गुलाबी ठंड पड़ रही है वहीं मैदानी क्षेत्रों में सुबह शाम ठंड के अलावा दिन में तपिश बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज पहाड़ से लेकर मैदान तक आंशिक तौर पर बादल और धुंध छाए रहेगी। दो पर्वतीय जनपदों में हल्की बूंदाबांदी के अलावा प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा।  मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज 7 नवंबर बृहस्पतिवार को  पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में गर्जन वाले बादल विकसित होने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं अन्य जनपदों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे वहीं सुबह के समय कुछ स्थानों में कोहरा और धुंध के अलावा मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बृहस्पतिवार को भी तापमान में कोई खास परिवर्तन की संभावना नहीं है।

Share This News