आज से संसद का शीतकालीन सत्र शुरू
मुकेश भारती / अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
नई दिल्ली — जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने, दो राज्यों में विधानसभा होने और अयोध्या विवाद का फैसला आने के बाद आज से संसद के पहले शीतकालीन सत्र की शुरुआत हो रही है जो 13 दिसंबर को समाप्त होगी जिसमें 20 बैठकें होंगी। एक तरफ जहाँ इस सत्र में केंद्र सरकार की ओर से सिटीजन बिल के अलावा , लंबित और कई नये बिलों को पास कराने की कोशिश की जायेगी। वहीं विपक्ष अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी , महँगाई , कश्मीर समेत कई अहम मसलों पर सरकार को घेरने के लिये तैयार है। वहीं शिवसेना से नाता टूटने के बाद संसद का नजारा भी बदला हुआ मिलेगा। फिलहाल संसद में 43 विधेयक लंबित हैं, इनमें से 27 विधेयक पेश करने, विचार करने और पारित करने के लिये सूचीबद्ध किये गये हैं जबकि सात विधेयक वापस लिये जाने हैं। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण चिटफंड अधिनियम 1982 में संशोधन के लिये विधेयक लायेंगी जिस पर विचार करने के बाद उसे पारित करवाने की कोशिश की जायेगी। गौरतलब है कि संसद के मानसूत्र सत्र में ही लोकसभा में पांँच अगस्त को यह विधेयक पेश किया गया था।

