द्वाराहाट भाजपा विधायक से ब्लैकमेलिंग, पत्नी ने की पुलिस में शिकायत।
न्यूज होम लाइव नेटवर्क
देहरादून, द्वाराहाट से भाजपा विधायक महेश नेगी की पत्नी रीता नेगी ने एक महिला पर ब्लैक मेलिंग करने का आरोप लगाया है।उन्होंने महिला, उसके पति व परिवार के ही 2 अन्य लोगों के खिलाफ नेहरु कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। विधायक महेश नेगी की पत्नी द्वारा पुलिस में सौंपी गई तहरीर में उन्होंने कहा कि द्वाराहाट निवासी एक महिला जिसका कुछ समय पहले शामली के एक व्यक्ति से शादी हुई थी, जो आर्मी में है, पति से विवाद के कारण बाद में वह द्वाराहाट चली आई थी। विधायक की पत्नी का कहना है कि महिला द्वारा उनके पति का उत्पीड़न किया जा रहा है।महिला व उसके परिवार द्वारा उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है साथ ही उनके पति महेश नेगी से 5 करोड़ रूपये की मांग की जा रही है। उन्होंने महिला पर उनके पति का राजनीतिक करियर बर्बाद करने का आरोप लगाया है। इधर दूसरी ओर महिला द्वारा सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल किया गया है. जिसमें महिला का कहना है कि वह द्वाराहाट विधानसभा की रहने वाली है। महिला ने भाजपा विधायक महेश नेगी पर पिछले 2 साल से उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में महिला का कहना है कि उसकी एक बच्ची है जिसका वह डीएनए टेस्ट करवाना चाहती है। वीडियो में महिला का कहना है कि विधायक व उसके परिवार से उन्होंने पैसे की मांग नहीं की है. विधायक की पत्नी द्वारा उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। महिला द्वारा सोशल मीडिया में यह वीडियो वायरल करने के बाद यह मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो भी काफी तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।


