पूर्व अर्द्धसैनिकों ने सेना के समान सुविधाएं देने की मांग

न्यूज लाइव संवाददाता कुलदीप सिह:–
बागेश्वर पूर्व अर्द्धसैनिकों ने सेना के समान सुविधाएं देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पैरामिलिट्री फोर्सेज भारतीय सेना का अभिन्न अंग हैं। शांति काल में विषम परिस्थितियों में अति दुर्गम स्थानों पर पूरी मुस्तैदी से सीमाओं की सुरक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि इन सबको देखते हुए उन्हें भी एक्स सर्विस मैन का दर्जा और उनके समान सुविधाएं मिलनी चाहिए।
उन्होंने अन्य मांगों को भी जल्द पूरा करने की गुहार लगाई। कांडा के महाकाली मंदिर में पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पैरामिलिट्री फोर्सेज कार्मिक संगठन की बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि कई अर्द्धसैनिकों ने देश के प्रति अपने उत्तरदायित्व को निभाते हुए जान की बाजी लगाई, लेकिन उनको शहीद का दर्जा नहीं दिया गया। उनकी मूलभूत सुविधाओं वेतन, भत्ते और पेंशन आदि को केंद्रीय सिविल सर्विसेज से जोड़ते हुए 2004 के बाद भर्ती होने वालों की पेंशन बंद कर दी। जो सरासर गलत है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा। पैरामिलिट्री सर्विस एवं पेंशन नियम को सीसीएस नियम से अलग कर डिफेंस सर्विस रैग्यूलेशन की तर्ज पर सीपीएमएफ बनाने को कहा। उन्होंने केंद्र में पैरामिलिट्री मंत्रालय का गठन करने, राज्यों में पैरामिलिट्री कल्याण बोर्ड का गठन कर निदेशालय बनाने और प्रत्येक जिले में बोर्ड का कार्यालय खोलने को कहा। उन्होंने पुरानी स्कीम पेंशन रूल को वर्तमान में भी लागू करने, पैरामिलिट्री सर्विस पे देने और पैरामिलिट्री फोर्सेज को एक्स सर्विस मैन का दर्जा और सुविधाएं देने की गुहार लगाई। उन्होंने मांगों के पूरा नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मोहन कपकोटी, लक्ष्मण सिंह कनवाल, विपिन सिंह धपोला, हयात सिंह रावत, गोपाल सिंह माजिला, भीम सिंह धपोला, केदार सिंह, दौलत सिंह, पूरन सिंह, दान सिंह आदि मौजूद रहे।

