बेरीनाग में नव युवक मंगल दल ने धूमधाम से मनाया जन्माष्टमी महोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मटका फोड़ ने जीता मन।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पुराना बाजार बेरीनाग में ‘नव युवक मंगल दल’ द्वारा भव्य ‘जन्माष्टमी महोत्सव’ का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास, भक्तिभाव और धूमधाम के साथ किया गया। पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा और बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न स्कूलों के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ। बाल कलाकारों ने राधा-कृष्ण के स्वरूपों में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण ‘मटका फोड़ प्रतियोगिता’ रही, जिसमें युवाओं की विभिन्न टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। युवाओं के जोश, रणनीति और मटका फोड़ने के रोमांच ने पूरे पंडाल में तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों की गूंज भर दी।

इस भव्य अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री खजान गुड्डू, अनुसूचित मोर्चा प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेम पन्त, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक धानिक व महेश पंत, मंडल उपाध्यक्ष मनीष पंत व कैलाश पंत, मंडल महामंत्री गणेश उपाध्याय, जिला मंत्री इन्द्र सिंह धानिक, ज्येष्ठ प्रमुख धीरज बिष्ट, और कमलेश पंत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने नव युवक मंगल दल पुराना बाजार के इस शानदार प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ युवाओं में एकजुटता और उत्साह का संचार करते हैं।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों सहित अमित पाठक, हनुमान सिंह, भूपी भंडारी, निखिल पंत और क्षेत्र के कई अन्य वरिष्ठ व श्रेष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

