berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

विकास खंड स्तरीय विज्ञान महोत्सव–2026: साधना इंटर कॉलेज के छात्रों ने लहराया परचम, स्वर्ण आगरी बने विकास खंड टॉपर। 

बेरीनाग संवाददाता। 

​बेरीनाग: विकास खंड स्तरीय विज्ञान महोत्सव–2026 में साधना इंटर कॉलेज, खितोली के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मकता का लोहा मनवाते हुए शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय के छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र और विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

​प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में कक्षा 11 के प्रतिभावान छात्र स्वर्ण आगरी ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए दो अलग-अलग विषयों पर अपने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। दोनों ही वर्गों में स्वर्ण आगरी ने पूरे विकास खंड में प्रथम स्थान हासिल कर दोहरा गौरव दिलाया। वहीं, जूनियर वर्ग में छात्र अंश धानिक ने आधुनिक दौर के महत्वपूर्ण विषय ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड इट्स इफेक्ट्स’ (कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं इसके प्रभाव) पर बेहतरीन मॉडल प्रस्तुत कर विकास खंड स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

​छात्रों की इस उपलब्धि पर साधना इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पंकज पांडे एवं प्रबंधक चम्पा पंत ने खुशी जाहिर करते हुए सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा मार्गदर्शक शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी।

​इस अवसर पर प्रधानाचार्य पंकज पांडे ने कहा, “विद्यार्थियों की यह शानदार उपलब्धि उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण, कठिन परिश्रम और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। हमारा निरंतर संकल्प है कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विज्ञान, संस्कार, रचनात्मकता और प्रतिभा का संपूर्ण विकास हो, ताकि हर विद्यार्थी जीवन में नए आयाम स्थापित कर सके।”

​विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Share This News