berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

आंदोलन की चेतावनी मिलते ही जागी बेरीनाग पालिका, गड्ढे भरने का काम शुरू।

​बेरीनाग संवाददाता

बेरीनाग (पिथौरागढ़) |  नगर पालिका परिषद बेरीनाग कार्यालय को जाने वाली मुख्य सड़क एवं दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति पर आखिरकार पालिका प्रशासन की नींद टूट गई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों से आवाजाही करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसके खिलाफ भाजपा नेता दीपक धानिक ने मोर्चा खोलते हुए आंदोलन का रुख अपनाया था।

​पूर्व में पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क सुधार की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर दीपक धानिक ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन देकर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी।

​आंदोलन की चेतावनी मिलते ही पालिका प्रशासन हरकत में आया और आनन-फानन में आंदोलन शुरू होने से पहले ही गड्ढों को भरने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। भाजपा नेता दीपक धानिक ने बताया कि एसडीएम से फोन पर हुई वार्ता के दौरान उन्हें आश्वासन मिला है कि एक सप्ताह के भीतर सड़क को पूरी तरह गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा।

​वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब पालिका कार्यालय के मुख्य द्वार तक जाने वाली सड़क का यह हाल है, तो क्षेत्र के अन्य वार्डों की स्थिति का आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। सड़क की खस्ताहाली को लेकर पालिका की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने पालिका प्रशासन से सड़क सुधारीकरण कार्य को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है।

Share This News