सोलर पैनल लगाने के नाम पर लाखों रूपये की धोखाधड़ी करने का आरोपी जेल दाखिल।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – सोलर पैनल की बाजार दर से कम कीमत पर आपूर्ति करने एवं ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव देते हुये विश्वास अर्जित कर ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से चौतीस लाख रूपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को चौकी स्मृतिनगर , थाना – सुपेला पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर मुम्बई से लाकर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार प्रार्थी नवीन कुमार द्वारा विगत माह 05 सितम्बर को चौकी स्मृतिनगर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करने वाले स्नेहा एवं कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल द्वारा स्वयं को सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड , मुंबई महाराष्ट्र से संबंधित बताकर प्रार्थी की फर्म को बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने तथा ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया गया। आरोपियों द्वारा विश्वास में लेकर प्रार्थी से कंपनी के नाम पर राशि जमा कराई गई। इस पर प्रार्थी द्वारा अपने बैंक ऑफ बड़ौदा, नंदनी रोड भिलाई एवं कोटक महिंद्रा बैंक, सुपेला स्थित खातों से IMPS एवं RTGS के माध्यम से कुल 34,00,000 रूपये कंपनी के ए.यू. स्मॉल फाइनेंस बैंक, मुंबई स्थित खाते में हस्तांतरित किये गये। बाद में धोखाधड़ी किये जाने की शिकायत पर थाना सुपेला , चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1306/2026 धारा 318(4) , 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान साइबर सेल एवं संबंधित बैंकों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों तथा बैंक खातों की जानकारी प्राप्त की गई। प्रार्थी के कथन एवं विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आयुष उपाध्याय एवं विवेक मिश्रा के नाम सामने आये। दोनों आरोपी थाना बांगुर नगर , मुंबई के अपराध क्रमांक 880/2026 धारा 316(2), 318(4), 3(5) बीएनएस के प्रकरण में पूर्व से गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल मुंबई में निरुद्ध थे। चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम द्वारा स्थानीय पुलिस एवं जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट , जिला न्यायालय दुर्ग से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया गया। इसके पश्चात वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर दोनों आरोपियों में से एक को मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया। अग्रिम पूछताछ एवं विवेचनात्मक कार्यवाही पश्चात थाना – सुपेला , चौकी – स्मृतिनगर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में चौकी स्मृतिनगर के उप निरीक्षक दीपक चौहान , प्रधान आरक्षक जितेन्द्र कुशवाह एवं आरक्षक राजकुमार चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा अन्य राज्य में जाकर स्थानीय पुलिस एवं जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित करते हुये आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपियों को दुर्ग लाने की कार्यवाही की गई।
आरोपी का नाम –
विवेक मिश्रा उम्र 27 वर्ष निवासी – कब्रिस्तान के पास , श्रीराम घर चाल , नाका सुपाड़ा पूर्व , पालघर (महाराष्ट्र)।
दुर्ग पुलिस की अपील –
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील करती है कि किसी भी कंपनी या व्यक्ति से ऑनलाइन व्यापारिक लेन-देन करने से पूर्व उसकी वैधता , पंजीयन , कार्यालय एवं बैंक खाते की प्रमाणिकता की जांच अवश्य करें। बाजार दर से असामान्य रूप से कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने के प्रस्तावों के प्रति सतर्क रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति या कंपनी के खाते में बिना समुचित सत्यापन के बड़ी धनराशि हस्तांतरित ना करें। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायें।

