आज सूर्योपासन के साथ छठ महापर्व हुआ संपन्न
अरविन्द तिवारी/ मुकेश भारती की रिपोर्ट
जाँजगीर – छठ के चौथे दिन आज उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया गया. इसके साथ ही चार दिन का छठ महापर्व समाप्त हो गया. इस पर्व को लेकर झारखंड-बिहार सहित देश के कई हिस्सों में भक्ति व उत्साह चरम पर रहा. छठ को लेकर नदियों और तालाबों को खासतौर से सजाया गया था और श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सड़कों को साफ-सुथरा किया गया था. इस महापर्व में छठ व्रती 36 घंटे का कठिन उपवास रखते हैं. इस दौरान मन और शरीर की शुद्धता की बड़ा ध्यान दिया जाता है ।
ऐसी मान्यता है कि छठी मइया की बच्चों पर विशेष कृपा होती है. इसलिए संतान की सलामती का आशीर्वाद पाने के लिए भी इस व्रत की बड़ी अहमियत है । इस पर्व में पूरा परिवार एक साथ घाट जाकर सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं वर्तमान में यह पर्व न केवल बिहार, बल्कि प्रत्येक राज्य तथा विदेशो में भी बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है । हमारे समाज में अधिकतर पर्व महिलाओं के द्वारा किये जाते हैं. परंतु ‘छठ पर्व’ बड़ी संख्या में पुरुषों के द्वारा भी किया जा रहा है, यह पर्व न केवल एक त्योहार के रूप में, बल्कि यह पर्व प्रकृति के अधिक अनुकूल लगता है. क्योंकि, इसमें अराध्य देवता सूर्य की उपासना की जाती है, जो प्रकृति देवता के रूप में जाने जाते हैं ।

