आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0: डीएम ने गूंजी पहुंचकर परखीं तैयारियां, सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्र आदि कैलाश में 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली ‘आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0’ को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गूंजी पहुंचकर आयोजन स्थल व मैराथन रूट का स्थलीय निरीक्षण किया और सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेना, एसएसबी, आईटीबीपी और प्रशासन के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समन्वय बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान धावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहेंगी।
मैराथन मार्ग पर तैनात रहेंगे डॉक्टर, बीआरओ को मार्ग दुरुस्त रखने के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि पूरे मैराथन ट्रैक पर चिह्नित स्थानों पर पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीमें, डॉक्टर और एंबुलेंस तैनात रहें। धावकों की सुविधा के लिए मार्ग पर स्नैक्स, हाइड्रेशन प्वाइंट्स और स्पष्ट मार्किंग के साथ पर्याप्त वॉलंटियर्स की तैनाती के निर्देश दिए गए। वहीं, सीमा सड़क संगठन (BRO) को रूट से मलबा, बोल्डर और अन्य अवरोध तत्काल हटाकर मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए पाबंद किया गया है।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, छियालेख में बनेगी हेल्प डेस्क
इवेंट मैनेजमेंट को कड़े शब्दों में हिदायत देते हुए डीएम ने कहा कि धावकों के ठहरने, टेंट, खानपान, स्वच्छता और मोबाइल शौचालयों की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। धावकों व पर्यटकों की सुविधा के लिए छियालेख में एक विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां से आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे।
पर्यटन मानचित्र पर उभरेगा सीमांत क्षेत्र
जिलाधिकारी ने कहा कि यह अल्ट्रा मैराथन आदि कैलाश और सीमांत पिथौरागढ़ को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने का माध्यम बनेगी। देश भर से आने वाले एथलीट यहां से एक सुखद और सुरक्षित अनुभव लेकर लौटें, यह सुनिश्चित करना सभी विभागों का सामूहिक दायित्व है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम धारचूला आशीष जोशी, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी, सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

