ऋषिगंगा हादसे में 7 शव बरामद, 120 से ज्यादा लोग लापता, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा

न्यूज होम लाइव नेटवर्क:-
देहरादून। चमोली जिले में आई त्रासदी में बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इस बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर देहरादून लौट आए हैं। दून पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आपदा प्रभावित क्षेत्रों के हालात की जानकारी मीडिया के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उन्हें आज एक प्रोग्राम में जाते समय हादसे की सूचना मिली थी।
वहां N TOC के पावर प्रोजेक्ट में 176 मजदूर रविवार को अपनी ड्यूटी के लिए निकले थे। वहां पर दो टनल हैं। एक टनल में 15 तथा दूसरी में 35 लोगों के होने का अनुमान है। आवाज़ होने पर कुछ लोग वापस लौटे हैं। सीएम रावत ने कहा कि अब तक 7 शव बरामद किए गए हैं। दूसरी टनल में अधिक मलबा आने के बावजूद आईटीबीपी के जवानों ने रस्सी के सहारे रेस्क्यू किया है। वहां 35 से 40 फिट तक गाद भरा हुआ है। एक घण्टे पहले तक जवान 150 मीटर अंदर तक पहुंच चुके थे, जबकि सुरंग 250 मीटर गहरी है। सीएम रावत के अनुसार,अब NDRF की कुछ टीमें वहां आयी हैं तथा कल कुछ और आ रही हैं। सीएम रावत ने बताया कि प्रशानिक अफसर सीएमओ समेत प्रभावित क्षेत्र में कैम्प कर रहे हैं। उन्होंने स्वयं डीआईजी गढ़वाल व कमिश्नर के साथ एरियल सर्वे किया है। फिर रैणी गांव तक सड़क मार्ग से हम गए है। ऋषिगंगा का धौलीगंगा से सम्पर्क टूट गया है। आसपास के 11 गांवों के लोग भी प्रभावित हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि बचाव कार्य के लिए सेना के 3 और वायुसेना का एक विमान मौके पर पहुंच चुके हैं।आईटीबीपी के 90 जवान मौके पर जा रहे हैं। सीएम रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने हादसे पर बहुत चिंता व्यक्त की है। पीएम ने दूसरी बार उन्हें फिर फोन किया है। गृह मंत्री अमित शाह जी के भी दो बार फोन आ चुके हैं। इसके अलावा राष्ट्रपति,उत्तरप्रदेश, बिहार,गुजरात के सीएम व अनिल अम्बानी ने भी मदद व हर सहयोग का भरोसा दिया है। अनाथ बच्चों की मदद के लिए पतंजलि योगपीठ तैयार है। सीएम ने मीडिया का हार्दिक धन्यवाद अदा करते हुए कहा कि मीडिया ने सम्भलकर साथ देते हुए रिपोर्टिंग की है। प्रत्येक मृतक के परिवार को राज्य सरकार 4 लाख रुपए आर्थिक मदद देगी। स्थानीय लोगों की सँख्या 5 हो सकती है।180 भेड़ बकरियां भी मिसिंग हैं। कुल नुकसान का आंकलन व राहत की पर्याप्त तैयारी है। अभी घटना का कारण स्पष्ट नहीं बता सकते हैं। सीएम ने घटना की जानकारी स्वयं के सोशल मीडिया या देर से मिलने पर कहा कि सभी अफसर एक्टिव थे। मैं दौरे पर था। एक बेहतर कम्युनिकेशन सबके मध्य रहा है। फिलहाल पानी रुद्रप्रयाग के पीछे व साफ है।पानी का लेवल पूरी तरह साफ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुमान के मुताबिक लापता लोगों की संख्या 120 या इससे अधिक हो सकती है क्योंकि कम्पनी के स्तर से भी अभी आंकलन किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि अभी नुकसान का आंकलन नहीं, लोगों का जीवन बचाना पहली प्राथमिकता है।

