भारतीय टीम पर फालोआन का खतरा।
भारतीय टीम पर फालोआन का खतरा

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
चेन्नई — भारत और इंग्लैंड के बीच चार मैच की सीरीज का पहला टेस्ट चेन्नई के एम०ए० चिंदबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन भारत ने 06 विकेट पर 257 रन बना लिये हैं। स्टम्प के समय वॉशिंगटन सुंदर 33 और रविचंद्रन अश्विन 08 रन बनाकर नाबाद हैं। युवा ओपनर शुभमन गिल ओर रोहित शर्मा ने भारत की ओर से पारी की शुरुआत की। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही , प्रमुख बल्लेबाजों ने फिर निराश किया। मात्र 44 रन तक भारत ने अपने दोनों ओपनर गंवा दिये। इंग्लैंड के लिये आर्चर ने 02 तथा बेस ने 04 विकेट लिये। भारत पर अभी फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। फालोआन से बचने के लिये अभी भारत को 122 और बनाने होंगे जबकि उनके सिर्फ चार पुछल्ले बल्लेबाज ही शेष बचे हैं। मैच के चौथे दिन सुंदर और अश्विन ज्यादा से ज्यादा समय क्रीज पर बिताना चाहेंगे तो दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम विकेट निकालकर मैच पर अपना शिकंजा पूरी तरह कसना चाहेगी। मैच के तीसरे दिन चेतेश्वर पुजारा और ऋषभ पंत ने अर्धशतक जड़ा। भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अपने करियर का 29वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 106 गेंदों पर सात चौकों की मदद अर्धशतकीय पारी खेली। तीसरे दिन के मैच में ऋषभ पंत भारत में अपना पहला शतक लगाने से चूक गये , वे 91 रन पर आऊट हो गये। डॉम बेस की गेंद पर जैक लीच ने उनका कैच लिया। दर्शक उनके शतक का इंजार कर रहे थे लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। पंत ने अपनी पारी में 09 चौके और 05 छक्के लगाये। पंत इससे पहले भारत में दो बार 92 रन के स्कोर पर आऊट हो चुके हैं। इसी तरह से शतक की ओर बढ़ रहे चेतेश्वर पुजारा 73 रन के निजी स्कोर पर आऊट हो गये , डॉम बेस की गेंद पर रोरी बर्न्स ने उनका कैच लिया। इससे पहले चौथे विकेट के रूप में अजिंक्य रहाणे (1 रन) पवेलियन लौटे , डोमिनिक बेस की गेंद पर कप्तान जो रूट ने उनका कैच लिया। विराट कोहली को डोमिनिक बेस ने पवेलियन की राह दिखायी थी। अपनी पहली पारी में कोहली ने 11 रन , शुभमन गिल ने 29 और रोहित शर्मा ने 06 रन बनाये।
इंग्लैंड सिमटी 578 रन पर
इससे पहले इंग्लैंड टीम ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत 08 विकेट पर 555 रन से शुरू की थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की पहली पारी तीसरे दिन के शुरू में सिमट गई , इंग्लैंड ने पहली पारी में 578 रन बनाये। रविचंद्रन अश्विन ने एंडरसन (1 रन) को बोल्ड कर इंग्लैंड की पारी को समेट दिया। जैक लीच 14 रन बनाकर नॉटआऊट रहे। भारत की ओर से अश्विन और जसप्रीत बुमराह ने 03-03 विकेट लिये। वहीं, शाहबाज नदीम और इशांत शर्मा को 02-02 विकेट मिले। इंग्लैंड के पहली पारी में बनाए गए 578 रन के कुल रन संख्या से भारतीय टीम अब भी 321 रन पीछे है जबकि उसके 04 विकेट शेष हैं। इंग्लैंड की ओर से डोमिनिक बेस ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके जबकि जोफ्रा आर्चर के खाते में दो विकेट गये।
पंत के नाम एक और रिकॉर्ड
ऋषभ पंत को भारत में सिर्फ तीन टेस्ट की तीन पारी में बैटिंग करने का मौका मिला , इसमें उन्होंने 92, 92 और 91 रन बनाये। वे भारत में पहली तीन पारी में 50+ रन स्कोर करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले विराट कोहली ने भारत में अपनी पहली पांच पारी में 52, 63, 58, 103 और 51 रन बनाये थे।
190 ओवर बल्लेबाजों का रिकॉर्ड
इंग्लैंड की टीम ने 190.1 ओवर बल्लेबाजी की। यह 2009 के बाद पहली बार है जब किसी विदेशी टीम ने भारत में 190+ ओवर बल्लेबाजी की। इससे पहले नवंबर, 2009 में श्रीलंका ने अहमदाबाद में 202.4 ओवर बल्लेबाजी की थी। इंग्लैंड टीम ने 16 साल बाद टेस्ट की पहली पारी में 190 से ज्यादा ओवर बल्लेबाजी की। इससे पहले नवंबर, 2004 में साउथ अफ्रीका ने कानपुर में भारत के खिलाफ पहली पारी में 190.4 ओवर बल्लेबाजी की थी।
भारतीय गेंदबाजों ने 20 नो बॉल फेंके
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 20 नो बॉल फेंके। 11 साल में पहली बार है जब भारत ने अपने घर में 20 या इससे ज्यादा नो बॉल फेंके हैं। भारत ने आखिरी बार नवंबर, 2009 में श्रीलंका के खिलाफ 20 नो बॉल फेंके थे।
अश्विन ने की सबसे ज्यादा गेंदबाजी
अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 55.1 ओवर गेंदबाजी की। यह ओवर के मामले में उनके द्वारा एक पारी में की गई सबसे ज्यादा गेंदबाजी है। इससे पहले उन्होंने 2011/12 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में एक पारी में 53 ओवर गेंदबाजी की थी।
60 टेस्ट में दूसरी बार 500 से ज्यादा रन
भारत ने पिछले 60 टेस्ट में दूसरी बार एक पारी में 500 से ज्यादा रन दिए हैं। इससे पहले 2016 में राजकोट में खेले गए टेस्ट में इंग्लैंड ने पहली पारी में 537 रन बनाए थे। यह इंग्लैंड के 2016 में भारत दौरे का पहला टेस्ट था और ड्रॉ रहा था।

