खटीमा में युवक पर बाघ का हमला, राहगीरों ने बचाई जान; गंभीर हालत में हायर सेंटर रिफर।

खटीमा संवाददाता।
खटीमा: खटीमा के बगघा चौवन क्षेत्र में सुरई रेंज के पास एक बाघ ने युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। राहगीरों की सूझबूझ से युवक की जान बच सकी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
हमले की पूरी घटना
शुक्रवार दोपहर ग्राम बगघा चौवन निवासी ईश्वर सिंह बिष्ट (17 वर्ष), पुत्र खुशाल सिंह बिष्ट, नूरिया बाजार से वापस लौट रहा था। जैसे ही वह बगघा सरपुडा मार्ग स्थित सुरई रेंज के कम्पार्ट संख्या 47-56 के पास पहुंचा, मार्ग पर घात लगाकर बैठे बाघ ने उस पर अचानक हमला कर दिया और उसे खींचकर ले जाने लगा।
युवक की चीख-पुकार सुनकर रास्ते से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने तुरंत हिम्मत और सूझबूझ दिखाई। राहगीरों के शोर मचाने और विरोध करने पर बाघ युवक को छोड़कर घने जंगल की ओर भाग गया।
इलाज के लिए हायर सेंटर रिफर
घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने बगघा वन चौकी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वन दरोगा राजू दास ने राहगीरों की मदद से घायल युवक को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। युवक के शरीर पर गहरे घाव आए हैं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रिफर कर दिया है।
वन विभाग की कार्रवाई और सतर्कता की अपील
सूचना मिलने पर सुरई वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह मनराल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
रेंजर मनराल ने बताया कि इलाके में वन विभाग की टीम तैनात कर दी गई है और वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से जंगल के आसपास सतर्कता बरतने की अपील की है। इस दौरान टीम में डिप्टी रेंजर सुंदरलाल वर्मा, राजू दास, राहुल कुमार और सुखविंदर सिंह समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

