चंडाक क्षेत्र में एक और महिला पर गुलदार ने हमला कर घायल किया।
न्यूज होम लाइव नेटवर्क टीम….

पिथौरागढ। चंडाक क्षेत्र में एक और महिला पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। परिजनों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। घायल अवस्था में परिजनो ने महिला को जिला अस्पताल पहुचाया। यहां महिला का इलाज किया जा रहा है। शुक्रवार शाम करीब छह बजकर तीस मिनट में ढूंगा ग्रामसभा के बिलडा तोक निवासी हेमा देवी (35) पत्नी शंकर राम मवेशियों का कामकाज कर प्राकृतिक धारे में हाथ-मुंह धोने गई। इस दौरान झाडियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले से महिला जमीन में गिर गई और बेहोश हो गई। इसी दौरान परिजनों ने गुलदार को देख लिया, गुलदार महिला को जंगल की और खींच कर ले जा रहा था कि परिजनों ने शोर मचाया तो वह भाग गया। बाद में परिजन घायल महिला को जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने बताया कि महिला के पैर और कमर में गंभीर चोट है। घटना की जानकारी मिलते ही नगरपालिका अध्यक्ष भाजपा राजेंद्र रावत, भाजपा जिला मंत्री राजेश शर्मा, पूर्व जिंप अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा, भाजपा वरिष्ठ नेता भूपेश पंत, बीडीसी सदस्य पंकज सिंह बिष्ट ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। नगर में एक सप्ताह के भीतर गुलदार के हमले की यह चौथी घटना है।

