LatestNewsबागेश्वर

नदीगांव में रात भर टहलता रहा तेंदुआ पूरे गांव में रही तेंदुए की दहशत

 

न्यूज लाइव संवाददाता कुलदीप सिह:–

बागेश्वर। नगर से सटे नदीगांव में रात भर तेंदुए का आतंक रहा। शाम होते ही तेंदुआ गांव में धमक गया। एक घर के आंगन में तेंदुआ घंटो जमा रहा। लोगों ने शोर मचाया। कनस्तर बजाकर भगाने की कोशिश की। सफलता नहीं मिलने पर वन विभाग को सूचना दी। विभाग की टीम ने गांव में गश्त की। पटाखे फोड़कर तेंदुआ को भगाया गया। सरेशाम तेंदुए के आबादी में धमकने से लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने विभाग से गांव में पिंजरा लगाने की गुहार लगाई है।
नदीगांव के जुलकिया में बीती शाम सात बजे तेंदुआ धमक गया। ग्रामीणों ने उसको भगाने के लिए कनस्तर बजाकर शोर किया। पटाखे भी छोड़े। जिसके बाद तेंदुआ वहां से टहलता हुआ पडियारवाला तोक की ओर धमक गया। वहां जाकर वह एक घर के आंगन में टहलने लगा। वहीं किराये के मकान में रहने वाले तारा दत्त के कमरे के बाहर तेंदुए ने डेरा जमा लिया। उनके पुत्र राहुल ने उसे देखा। उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। इसके बावजूद तेंदुआ वहीं पर जमा रहा। बच्चे डर गए। उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। व्यापारी विनोद कांडपाल ने वन विभाग को सूचना दी। तब तक गांव के अन्य लोग भी शोर मचाकर तेंदुए को भगाने का प्रयास करते रहे। आधे घंटे बाद वन विभाग की टीम पहुंची। तब तक तेंदुआ पास की झाड़ियों की ओर चला गया। रेंजन एनडी पांडे के नेतृत्व में विभाग की टीम ने गांव में गश्त की। उन्होंने तेंदुए को भगाने के लिए पटाखे फोड़े। लोगों को भी सतर्क रहने को कहा। उन्होंने कहा कि घरों के आसपास उगी झाड़ियां तेंदुए के छिपने के लिए मुफीद जगह है। ग्रामीणों से घर के पास उगी झाड़ियों को काटने और बच्चों का ख्याल रखने को कहा। टीम ने अमसरकोट गांव तक गश्त की। इस मौके पर वन दरोगा प्रयाग दत्त भट्ट, कुलदीप मटियानी, जगदीश उपाध्याय आदि मौजूद रहे। इधर रेंजर एनडी पांडे ने बताया कि तेंदुआ भोजन की तलाश में गांवों का रुख करता है। घरों के आसपास उगी झाड़ियां उसके लिए सुरक्षित पनाहगार होती हैं। विभाग लोगों से घरों के आसपास सफाई रखने और सजग रहने की अपील कर रहा है। विभागीय टीम भी लगातार गश्त कर रही है। जरुरत पड़ी तो गांव में पिंजरा लगाया जाएगा।

Share This News