बागेश्वर में धूमधाम से मनाई अंबेडकर जयंती तहसील परिसर में लगा शिविर

न्यूज लाइव के लिए कुलदीप सिह की रिर्पोट:–
बागेश्वर। जनपद में संविधान निर्माता बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर जी की 127वीं जयन्ती आज सामाजिक न्याय दिवस के रूप में धूमधाम से मनायी गयी। इस अवसर पर ग्राम स्वराज अभियान के तहत जिला, तहसील व ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम एवं संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा डा. भरीमराव अंबेडकर की जयन्ती के अवसर पर तहसील परिसर बागेश्वर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किये गये। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी रंजना राजगुरू, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी,क्षेत्रीय विधायक चन्दन राम दास, भाजपा जिला अध्यक्ष शेर सिंह गढिया ,मुख्य विकास अधिकारी एस.एस.एस.पांगती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बाबा साहेब भारतीय संविधान तथा आधुनिक राष्ट्र निर्माता के साथ पीडि़त मानवता के मसीहा एवं सामाजिक न्याय के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि आज उनके जन्म दिवस के अवसर पर सरकार द्वारा पूरे भारत में ग्राम स्वराज अभियान शुरू किये जाने के साथ ही उनके जन्म दिवस को सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके सपनों को पूरा करने हेतु सभी को एकजूट होकर कार्य करना होगा तभी उनके प्रति सच्ची श्रृद्धांजलि अर्पित होगी। उन्होंने कहा कि ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत विभिन्न दिवसों में ग्राम पंचायतों संचालित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों द्वारा जनता को लाभान्वित किया जायेगा। मुख्य अतिथि अध्यक्ष जिला पंचायत हरीश सिंह ऐठानी ने बाबा साहेब के जीवन परिचय पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक चन्दन राम दास ने बाबा साहेब के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक महान व्यक्तित्व, संविधान के निर्माता को आज हमें उनके कृत्य एवं आदशोर्ं को अपनाकर सामाजिक न्याय को बढावा देना होगा तभी हमारी उनके प्रति सच्ची श्रृद्धांजलि होगी। तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से 96 लाभार्थियों को 50-50 हजार के गौरादेवी कन्या धन के एफ.डी.आर. भी वितरित किये। इस अवसर पर समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, आजीविका, ग्राम्या आदि विभागों द्वारा स्टाल लगाकर लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गयी। इस अवसर पर राबाइंका तथा सरस्वती विद्यामन्दिर की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत गाया गया। जनकल्याण समिति के कलाकारों द्वारा बाबा साहेब के जीवन पर आधारित नुक्कड़ नाटक, लोकगीत एवं लोकनृत्य का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर , भाजपा अध्यक्ष शेर सिंह गढि़या,ब्लाक प्रमुख रेखा खेतवाल, पूर्व विधायक उम्मेद सिंह माजिला, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा आर्या, रणजीत सिंह बोरा, इन्द्र सिंह परिहार, दलीप खेतवाल, सांसद प्रतिनिधि संजय शाह जगाती, सहित मुख्य विकास अधिकारी एस.एस.एस. पांगती, अपरजिलाधिकारी राहुल कुमार गोयल,मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शैलजा भट्ट,जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी, उपजिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य कृषि अधिकारी वीपी मौर्या, उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी तथा अनेक ग्राम प्रधान आदि उपस्थित थें। कार्यक्रम का संचालन जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल ने किया।

