FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

पिथौरागढ़ में पासपोर्ट कार्यालय न खुलने पर लोगों में भारी आक्रोश, सांसद के खिलाफ किया प्रदर्शन  

पिथौरागढ़ न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ में वर्षों बाद भी पासपोर्ट सेवा शुरू न होने को लेकर स्थानीय जनता में गहरा रोष व्याप्त है। शनिवार को जिला मुख्यालय के टकाना स्थित कलेक्ट्रेट में पार्षद त्रिलोक महर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री व स्थानीय सांसद अजय टम्टा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कई सवाल खड़े किए।

  • ​अल्मोड़ा और देहरादून जाने को मजबूर हैं लोग

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सांसद टम्टा अपने लगातार तीसरे कार्यकाल में भी जिले में पासपोर्ट कार्यालय स्थापित नहीं करा पाए हैं। पासपोर्ट वेरिफिकेशन और जरूरी प्रक्रियाओं के लिए स्थानीय नागरिकों को आज भी अल्मोड़ा और देहरादून तक की लंबी दौड़ लगानी पड़ रही है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है।

  • ​घोषणाओं के बाद भी नहीं मिली सुविधा

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सांसद टम्टा के 12 वर्षों के कार्यकाल में पिथौरागढ़ में ऐसा कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुआ, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल सके। सीमांत क्षेत्र आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। पूर्व में दो-दो केंद्रीय मंत्रियों द्वारा पासपोर्ट कार्यालय खोलने की घोषणा की जा चुकी है, लेकिन कभी पर्याप्त जगह न होने का हवाला दिया जाता है तो कभी नए कमरे बनाकर सेवा शुरू करने की बात कहकर मामले को टाला जा रहा है।

  • ​प्रदर्शन में ये लोग रहे शामिल

इस विरोध-प्रदर्शन में युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अभिषेक बोहरा, पार्षद राहुल लुंठी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष धीरज बेरी, मनोज ठकुराठी, जगदीश बिष्ट, काशिफ, पंकज जोशी, वीर, विक्की, नीरज समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share This News