पिथौरागढ़ में स्कूटी चोरी का पर्दाफाश: पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, रात में पेट्रोल भी चुराते थे शातिर।

पिथौरागढ़ संवाददाता
पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ की जाजरदेवल पुलिस ने वाहन चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी, वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
चण्डाक क्षेत्र से चोरी हुई थी स्कूटी
जानकारी के अनुसार, चण्डाक निवासी मोहन चन्द्र भट्ट ने पुलिस में अपनी स्कूटी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज करने के बाद थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम और वड्डा चौकी प्रभारी आशीष रावत, हेड कांस्टेबल गंगा सिंह व कांस्टेबल मनोहर कापड़ी ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी की स्कूटी लेकर चण्डाक क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें धर दबोचा। जांच में स्कूटी का इंजन नंबर (AK3NS3701065) मिलाने पर उसके चोरी की होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में हुए चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि स्कूटी का लॉक खुला देखकर उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। पहचान छिपाने के लिए वे लगातार वाहन की जगह बदलते रहे। चोरी की स्कूटी को लाने-ले जाने के लिए अपनी दूसरी स्कूटी का इस्तेमाल करते थे। यही नहीं, आरोपी रात के अंधेरे में खड़ी गाड़ियों से पेट्रोल चुराकर अपनी गाड़ियों में डालते थे।
आरोपियों का विवरण और बरामदगी
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रिषभ गुरंग (18 वर्ष, निवासी ऊर्ग) और पवन कुमार (21 वर्ष, निवासी पंडा) के रूप में की है। तीसरे आरोपी की उम्र 18 वर्ष से कम होने के कारण उसे बाल न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने मौके से चोरी की स्कूटी, इस्तेमाल में लाई गई दूसरी स्कूटी और दो मोबाइल फोन जब्त कर विधिक कार्रवाई पूरी कर ली है।

