FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticspputtarakhandथराली

पिलखड़ा में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दो दिवसीय राजकीय मेले का शुभारंभ: 37 लाख की विकास योजनाओं की घोषणा।

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट। 

​थराली/देवाल: पिलखड़ा (ल्वाणी) में 20वें दो दिवसीय ‘राजकीय राजराजेश्वरी संस्कृति संरक्षण मेले’ का भव्य आगाज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं रिबन काटकर किया।

​लोक संस्कृति के संरक्षण पर जोर

मेले का शुभारंभ करने से पूर्व अतिथियों ने मां नंदा भगवती के पौराणिक मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

​विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि नंदा देवी कैलाश यात्रा के पड़ाव पर 20 वर्षों से आयोजित यह मेला हमारी लोक संस्कृति की धरोहर है। ऐतिहासिक अवसरों पर ऐसे मेलों का आयोजन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए अनिवार्य है। उन्होंने मेले को ‘राजकीय मेला’ का दर्जा देने पर राज्य सरकार का आभार जताया।

​जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक टम्टा का धन्यवाद करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

​विकास कार्यों के लिए घोषणाओं की बौछार

क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मांगों पर मेले के दौरान कई विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई:

​जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट: जिपंस उर्मिला बिष्ट की मांग पर विभिन्न निर्माण व विकास कार्यों के लिए 37 लाख रुपये देने की घोषणा की।

​जिपंस बलवीर राम (सवाड़ वार्ड): राइका ल्वाणी मैदान समतलीकरण हेतु 2 लाख रुपये।

​जिपंस कलावती देवी (चौंड़ा वार्ड): पिलखड़ा नंदा मंदिर गेट निर्माण हेतु 2 लाख रुपये।

​सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केंद्र

महिला मंगल दलों, स्कूल-कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नंदा झोड़ा, चाचड़ी और चौंफला की प्रस्तुतियों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। इसके अलावा ‘सांस्कृतिक कला मंच पांडवास’ द्वारा प्रस्तुत ‘नर्सिंग नृत्य’ को दर्शकों ने खूब सराहा। विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियां भी मेले में मुख्य आकर्षण बनी रहीं।

​मेला समिति के अध्यक्ष महावीर बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मेले के राजकीय घोषित होने पर खुशी जताई। मंच का सफल संचालन डॉ. कृपाल सिंह भंडारी ने किया।

​इस अवसर पर जिपंस हरी सोनियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवाल उमेश मिश्रा, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, महिला मंगल दलों की अध्यक्ष व सदस्य तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share This News