बसना विधायक रुपकुमार चौधरी के खिलाफ कार्यकर्ताओं का बगावत, लगाया उपेक्षा का आरोप
न्यूज होम लाइव व्यूरो मुकेश भारतीः-
महासमुंद:- टिकट मिलने से पहले ही बसना विधायक रुपकुमार चौधरी के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। करीब डेढ़ सौ कार्यकर्ताओं ने रुपकुमार चौधरी पर उपेक्षा और निष्क्रियता का आरोप लगाया है। बता दें कि महासमुंद जिले की बसना विधानसभा सीट काफी खास है। ये राज्य की उन सीटों में से एक है, जहां लगातार दो बार कोई पार्टी चुनाव नहीं जीतती है, यहां की जनता हर बार अपने नेता को बदलती है। निकट आते चुनाव के कारण बसना विधानसभा में इन दिनों चुनावी पारा चढ़ा हुआ है। वर्तमान में यहां भाजपा का कब्जा है और महिला बाल विकास विभाग की संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी यहां की विधायक हैं। लेकिन पिछले पांच चुनाव के इतिहास को देखें तो ये साफ तौर पर समझ आता है कि इस सीट परिवर्तन तय है, भाजपा के सामने यही मुश्किल है। साल 1993 से वर्ष 2013 के बीच हुए 5 चुनावों में भाजपा ने 4 बार प्रत्याशी बदला और कांग्रेस ने एक बार ही प्रत्याशी बदला है।
कांग्रेस के महेन्द्र बहादुर सिंह ने 1993 में यह सीट निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीता, 1998 में कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरे और भाजपा के डॉ. त्रिविक्रम भोई को हराकर लगातार दूसरी बार सदन में पहुंचे। साल 2003 के चुनाव में भाजपा के त्रिविक्रम भोई ने कांग्रेस के महेंद्र बहादुर सिंह को 2400 वोट से हराकर पिछली हार का हिसाब चुकता कर दिया। वर्ष 2008 में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने प्रत्याशी बदले, भाजपा के प्रेमशंकर पटेल को कांग्रेस के देवेंद्र बहादुर सिंह ने करीब 16 हजार मतों के अंतर से हराया। वर्ष 2013 में भाजपा ने पुन: प्रत्याशी बदलकर रूपकुमारी चौधरी को टिकट दिया, चौधरी ने कांग्रेस के देवेंद्र बहादुर सिंह पर 7000 हजार वोटों से जीत दर्ज कर पिछली हार का हिसाब बराबर किया। बसना विधानसभा में भाजपा से टिकट को लेकर पार्टी को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। भाजपा के सामने बगावत का खतरा मंडरा रहा है।

