फेक न्यूज पर लगाम लगाने को कार्ययोजना तैयार कर सरकार को सौंपें पत्रकार संगठन – डॉ. वासुदेव देवनानी।
एनयूजेआई राष्ट्रीय अधिवेशन:

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
- जयपुर अधिवेशन में राष्ट्रीय स्तर पर ‘पत्रकार सुरक्षा अधिनियम’ लागू करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
- 250 रुपये में बिक रहे फर्जी प्रेस कार्डों पर रोक लगाने और पत्रकारों का राष्ट्रीय रजिस्टर बनाने की उठी मांग
जयपुर। फेक न्यूज और सोशल मीडिया पर बिना किसी आधार के खुद को पत्रकार घोषित करने की बढ़ती प्रवृत्ति वर्तमान दौर की सबसे बड़ी चुनौती है। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) को चाहिए कि वह फेक न्यूज से निपटने के लिए स्वयं एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर सरकार को सौंपे, ताकि पत्रकारों के सुझावों के अनुरूप इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। यह आह्वान राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने रविवार को जयपुर के सेक्टर-4 स्थित परशुराम भवन में आयोजित एनयूजेआई (NUJI) के राष्ट्रीय अधिवेशन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस दौरान उन्होंने देशभर से जुटे पत्रकारों को राजस्थान विधानसभा भ्रमण का आमंत्रण भी दिया।
- संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान और ‘राष्ट्र प्रथम’ जरूरी
डॉ. देवनानी ने कहा कि आज वास्तविक पत्रकार संघर्ष कर रहा है, जबकि अनर्गल बयानबाजी करने वाले सुर्खियां बटोर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत के लोकतंत्र को कोई खतरा नहीं है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के प्रति बढ़ता अनादर चिंताजनक है। उन्होंने पत्रकारों से ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ समाधानपरक आलेख लिखने का आग्रह किया। पत्रकार सुरक्षा कानून पर उन्होंने कहा कि सरकार इस पर विचार कर रही है, लेकिन मीडिया संस्थानों द्वारा सरकारी योजनाओं और वेतनमान को लागू करना भी एक बड़ा मुद्दा है।
- अधिकृत पत्रकारों की प्रामाणिकता सुनिश्चित हो: जगदीश चंद्र।
समारोह में भारत 24 के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ जगदीश चंद्र ने कहा कि पत्रकारिता में नए लोगों और विचारों का स्वागत है, लेकिन आज सबसे बड़ी आवश्यकता संस्थागत और अधिकृत पत्रकारों की प्रामाणिक पहचान तथा सम्मान सुनिश्चित करने की है। उन्होंने चिंता जताई कि आज सक्रिय पत्रकारों की तुलना में केवल पहचान पत्र लेकर घूमने वालों की संख्या अधिक दिखने लगी है। उन्होंने मुख्यधारा के संस्थागत पत्रकारों को प्राथमिकता देने की वकालत की और इस विमर्श के व्यापक प्रसारण का भरोसा दिलाया।
- मर्यादा और शुचिता ही असली पत्रकारिता: विधायक गोपाल शर्मा।
विशिष्ट अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के नाम पर फैल रही गैर-जिम्मेदाराना पत्रकारिता पर चिंता जताते हुए कहा कि बिना तथ्य और अध्ययन के कुछ भी बोल देना पत्रकारिता नहीं है। इससे पेशे की साख को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का धर्म सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि जनसरोकारों की आवाज उठाना और समाज को सही दिशा दिखाना है।
- फर्जी प्रेस कार्डों पर लगे लगाम, बने राष्ट्रीय रजिस्टर: रास बिहारी।
वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने सोशल मीडिया पर 250 से 1799 रुपये में प्रेस कार्ड बेचने वाले फर्जी संगठनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अधिवक्ताओं और चिकित्सकों की तर्ज पर पत्रकारों का एक व्यवस्थित ‘राष्ट्रीय रजिस्टर’ बनाने और पेड इन्फ्लुएंसर्स व वास्तविक पत्रकारों के बीच स्पष्ट अंतर करने पर जोर दिया। वहीं, एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने पत्रकारों से अपनी लेखनी के दम पर पहचान बनाने का आह्वान किया तथा सरकारों से पत्रकारों की सुरक्षा, पेंशन और सम्मानजनक वेतनमान सुनिश्चित करने की मांग की।
- पत्रकार सुरक्षा अधिनियम का प्रस्ताव पारित।
अधिवेशन के दौरान हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य द्वारा प्रस्तुत ‘पत्रकार सुरक्षा अधिनियम’ (Journalist Protection Act) को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके तहत पत्रकारों को हमलों, धमकियों और झूठे मुकदमों से बचाने के लिए केंद्रीय कानून बनाने तथा राष्ट्रीय, राज्य व जिला स्तर पर सुरक्षा समितियां गठित करने की मांग की गई। साथ ही यूनियन के संविधान संशोधन का भी अनुमोदन किया गया।
- वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान एवं अतिथियों का स्वागत।
अधिवेशन में वरिष्ठ पत्रकार ओम चतुर्वेदी, दिलीप भाटी, शिव चरण शर्मा, रामजी लाल शर्मा, सैयद मुनव्वर अली, वीरेंद्र सिंह राठौड़, रोहित सोनी, राकेश थपलियाल, राकेश कुमार शर्मा, रामचंद्र कन्नोजिया, रास बिहारी और प्रदीप तिवारी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। जार (JAR) राजस्थान की मेजबानी में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी, महासचिव सुरेश पारीक, कोषाध्यक्ष कौशल मूंदड़ा, संगठन सचिव भंवर सिंह कुशवाहा और उपाध्यक्ष विवेक वैष्णव ने अतिथियों का साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष मणिमाला शर्मा ने किया।

