बिहार: एसएसपी के 4 ठिकानों पर छापे, 100 एफडी के दस्तावेज मिले

पटना/न्यूज़ लाइव डेस्क:–
पटना/मुजफ्फरपुर. एसवीयू (स्पेशल विजिलेंस यूनिट) ने मुजफ्फरपुर के एसएसपी विवेक कुमार के आवास व ऑफिस समेत 4 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान यूपी के सहारनपुर स्थित घर के अलावा मुजफ्फरनगर स्थित ससुराल को भी खंगाला गया। आय से अधिक संपत्ति के मामले में एसवीयू ने यह कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान आवास पर मौजूद एसएसपी से पूछताछ भी की गई।
मुजफ्फरपुर में एसएसपी के आवास से 6.25 लाख नकद, 5.5 लाख के गहने व संपत्ति से जुड़े पेपर के अलावा 45 हजार रुपए के पुराने नोट भी जब्त किए गए। ससुराल में मोटी रकम (करीब 2 करोड़) के एफडी के करीब 100 कागजात के साथ ही संदिग्ध कैश ट्रांजेक्शन या लेन-देन से जुड़े पेपर मिले हैं। इनमें 21 लाख की एक एफडी एसएसपी की पत्नी के नाम भी है। ऑफिस व पैतृक घर से भी कुछ अहम पेपर मिले हैं। देर रात तक जांच जारी थी।
एसवीयू के आईजी रत्न संजय ने एसएसपी के ठिकानों पर छापेमारी की पुष्टि की। बोले- आरंभिक जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति व अन्य पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट होगी। इधर, देर रात तक 25 लाख कैश मिलने की खबर भी चर्चा में रही।
जांच में विवेक कुमार की अब तक की कुल आमदनी 80 लाख रुपए है। इसमें 46.48 लाख रुपए खर्च दिखाया है। इस तरह उनकी बचत 33.31 लाख रुपए होनी चाहिए। लेकिन, एसएसपी ने अपनी बचत 1.06 करोड़ रुपए दिखाई है।

