बेरीनाग में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की सख्ती, 37 वाहनों के काटे चालान

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़/बेरीनाग। जनपद पिथौरागढ़ में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से पुलिस का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बेरीनाग पुलिस ने बिना हेलमेट और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 37 चालान काटे।
थानाध्यक्ष (एसएचओ) बेरीनाग नरेश कुमार गंगवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न मुख्य मार्गों और चौराहों पर दिनभर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले 37 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई, जिनमें से 14 चालान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के काटे गए।
कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। पिथौरागढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें। पुलिस ने संदेश दिया कि हेलमेट चालकों की स्वयं की सुरक्षा के लिए है, इसलिए इसे बोझ न समझकर अपनी जिम्मेदारी समझें और सुरक्षित यात्रा करें।

