भाजपा नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने लखनऊ PGI में ली अंतिम सांस,
न्यूज होम लाइव नेटवर्क:-
लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री व भजपा के कद्दावर नेता कल्याण सिंह का दुखद निधन हो गया। वह कई दिनों से बीमार चल रहे थे। चार जुलाई को उन्हें पीजीआई में शिफ्ट किया गया था जहां शनिवार की शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।पीजीआई में शिफ्ट होने के बाद दिन पर दिन उनका स्वास्थ्य बिगड़ता जा रहा था। डॉक्टर लगातार उनकी देखभाल में लगे थे। इस बीच सीएम योगी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई नेताओं ने समय-समय पर पीजीआई जाकर उनका हालचाल जाना। कल्याण सिंह के निधन की खबर मिलते ही भाजपा समेत तमात राजनीतिक दलों में शोक की लहर दौड़ गई ।
कल्याण सिंह का जन्म 5 जनवरी सन् 1932 को अलीगढ़ में अतरौली तहसील के मढ़ौली ग्राम के एक सामान्य किसान परिवार में हुआ। बचपन में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए। कल्याण सिंह ने विपरीत परिस्थितियों में कड़ी मेहनत कर अपनी उच्च शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद अध्यापक की नौकरी की। साथ-साथ वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ कर राजनीति के गुण भी सीखते रहे।कल्याण सिंह 1967 में अपना पहला विधानसभा चुनाव अतरौली से जीतकर उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे। कल्याण सिंह 1967 से लगातार 1980 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री बने। पहली बार 1990 में उत्तर प्रदेश में कल्याण सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने सत्ता संभाली थी।
