भारत को मिला 195 रनों का लक्ष्य,
भारत को मिला 195 रनों का लक्ष्य

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
सिडनी — भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारतीय टीम को तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल है। इस बाऋ टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव हुये हैं , रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी और मनीष पांडे की जगह युजवेंद्र चहल, शार्दुल ठाकुर और श्रेयस अय्यर को शामिल किया गया है। वहीं ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में भी तीन बदलाव हुये हैं , एरॉन फिंच, जोश हेजलवुड और मिशेल स्टार्क टीम से बाहर हुये हैं और उनकी जगह डेनियल सैम्स, मार्कस स्टोइनिस और एंड्रयू टाय को शामिल किया गया है , फिंच की जगह मैथ्यू वेड कप्तानी कर रहे हैं। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 20 ओवर में 05 विकेट गंँवाकर 194 रन बनाये और भारत को जीत के लिये 195 रनों का लक्ष्य दिया।ऑस्ट्रेलिया के लिये मैथ्यू वेड ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाये जबकि स्टीव स्मिथ ने 46 रनों की पारी खेली।भारत के लिये टी. नटराजन ने 02 विकेट झटके जबकि शार्दुल ठाकुर और युजवेंद्र चहल को एक-एक विकेट मिला। मैथ्यू वेड और डार्सी शॉर्ट की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिये 47 रन जोड़ दिये। ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैथ्यू वेड ने सर्वाधिक 58 रन का योगदान दिया। उन्होंने 32 गेंदों की अपनी पारी में 10 चौके, 01 छक्का लगाया। वहीं, स्टीव स्मिथ ने 38 गेंदों पर 03 चौके, 02 छक्कों की मदद से 46 रन बनाये। उनके अलावा हेनरिक्स ने 26, ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रन का योगदान दिया। मार्कस स्टॉयनिस 16 रन बनाकर नाबाद लौटे। युवा पेसर टी नटराजन ने 20 रन देकर 02 विकेट लिये जबकि शार्दुल ठाकुर और युजवेंद्र चहल ने 01-01 विकेट लिये।

