महाकाली मंदिर परिसर में रामलीला के 5वें दिन केवट व सुमंत संवाद का भावपूर्ण मंचन, बालिकाओं के जीवंत अभिनय ने मोहा मन।

गंगोलीहाट किशन पाठक न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
गंगोलीहाट। श्री महाकाली दरबार रामलीला कमेटी एवं सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में प्रसिद्ध श्री महाकाली मंदिर परिसर में चल रही रामलीला के पांचवें दिन दर्शकों को भावविभोर कर देने वाले प्रसंगों का मंचन किया गया।
पांचवें दिवस की लीला में राम-सुमंत संवाद, राम-केवट संवाद, केवट द्वारा प्रभु श्री राम, माता सीता व लक्ष्मण को नौका से नदी पार कराने, सुमंत के विलाप, सुमंत-दशरथ संवाद तथा श्रवण कुमार की मार्मिक लीला के दृश्यों का सजीव प्रदर्शन किया गया। मंचन के दौरान सुमंत की भूमिका में कुमारी आयुषी रावल के भावपूर्ण और जीवंत अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। इस वर्ष रामलीला में मुख्य पात्रों की भूमिका निभा रहीं बालिकाओं की सशक्त अदाकारी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

लीला के पंचम दिवस पर मुख्य अतिथि भाजपा नेता एडवोकेट सुरेंद्र कुमार तथा विशिष्ट अतिथि विवेक प्रसाद उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कार्यवाहक अध्यक्ष विजय शाह, सचिव गजेंद्र रावल, कोषाध्यक्ष नरेंद्र रावल, संरक्षक सूबेदार मोहन सिंह रावल और महाकाली मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हरगोविंद रावल ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य निर्देशक सूबेदार शंकर सिंह रावल, सह-निर्देशक किशन उप्रेती, कैलाश सिंह, धीरेंद्र बिष्ट, दिनेश बिष्ट, जीवन नेगी, हेम पाठक, प्यारे लाल शाह, बबलू पांडे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे। देर रात तक चले मंचन का उपस्थित जनसमूह ने जयकारों के साथ आनंद लिया।

