महिलाओं को पुरुषों की बराबरी का दर्जा मिलना चाहिए,
सचिन गुप्ता लाल कुआं
न्यूज़ होम लाइव–
यह सौ आने सच है कि महिलाओं को पुरुषों की बराबरी का दर्जा मिलना चाहिए, लेकिन महिला को पूर्ण रूप से स्वतंत्र होकर काम भी करने देना चाहिए। अब ताजा उदाहरण पंचायत चुनाव का ले लो, महिलाओं को बराबरी का हक दिए जाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने महिला आरक्षण को प्राथमिकता दी। लेकिन पंचायत चुनाव में कुछ और ही नजारा देखने को मिल रहा है, खासकर ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्य के पदों पर जो सीट महिला हुई है उसमें अब तक अपना राजनीतिक कैरियर संवारने की कोशिशों में जुटे राजनेता अपनी घरवाली को आगे कर उनकी आड़ में अपना कैरियर बनाने का ख्वाब देख रहे हैं।
सोशल मीडिया में आधे पुरुष बने महिला–
चाहे फेसबुक हो, चाहे ट्विटर या फिर इंस्टाग्राम, पंचायत चुनाव के बिगुल बजते ही खुद चुनाव लड़ने का ख्वाब देखने वाले दावेदारों ने महिला सीट हो जाने के बाद अपनी फेसबुक प्रोफाइल बदल कर अपनी घरवाली की हाथ जोड़कर निवेदन करने वाली तस्वीर लगाई है। यही नहीं इन दिनों सोशल मीडिया में भी यह नहीं पता चल रहा कि कौन पुरुष है कौन महिला, क्योंकि चुनावी चासनी में सोशल मीडिया के तेल से वोटरों को भुना जाना है। लिहाजा लिंगभेद भी सारे भुला दिए गए हैं।
घर से बाहर नहीं निकलने वाली महिलाएं भी इन दिनों सड़क पर-
कई जगह ऐसा भी देखने को मिल रहा है कि अब तक केवल घर में या फिर ब्यूटी पार्लर जाने वाली महिलाएं इन दिनों अपने ग्राम सभा , क्षेत्र पंचायत के इलाके में सड़क सड़क गली गली घर-घर घूम रही हैं चाहे चुनाव लड़ने की मजबूरी हो या घर के किसी सदस्य के राजनीतिक कैरियर का सवाल, अब भला चुनाव है तो वोटों के लिए घर घर तो जाना ही पड़ेगा, लिहाजा यही दस्तूर निभाया जा रहा है।
कई जगह स्वावलंबी महिलाएं खुद मैदान पर–
ऐसा नहीं है कि हर जगह महिलाओं को अपने राजनीतिक कैरियर बनाने के लिए आगे किया गया हो, कई जगह महिलाएं खुद मैदान पर उतरी है और डटकर मुकाबला करने को तैयार हैं और कई सीटों पर ऐसा देखने में आया है कि सामान्य सीट होने के बावजूद महिला खुद, पुरुषों से टक्कर लेने को तैयार हैं यह ऐसी महिलाएं हैं जो समाज में खुद अपना वजूद बनाकर आगे आई हैं और एक जनप्रतिनिधि के रूप में भी बेहतर काम करती हैं।

