FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

सिद्धपीठ कुरूड़ से कैलाश यात्रा पर निकलीं तीन नंदा डोलियां अपने द्वितीय पड़ाव पर पहुंचीं, क्षेत्र नंदामय।

​थराली/नंदाधाम कुरूड़ (हरेंद्र बिष्ट): नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ से कैलाश के लिए रवाना हुई श्री नंदा राजराजेश्वरी यात्रा के तहत तीनों देव डोलियों ने अपने दूसरे पड़ाव पर विश्राम किया। यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं ने डोलियों का भव्य स्वागत किया और पूजा-अर्चना कर मन्नतें मांगीं।

​बधाण की नंदा डोली: चरबंग और कुंडबगड़ में भव्य स्वागत के बाद अपने दूसरे पड़ाव मधकोट गांव पहुंची।

​दशोली की नंदा डोली: पहले पड़ाव कुमजुग से रवाना होकर कुंडबगड़ होते हुए दूसरे पड़ाव लुणतरा गांव पहुंची।

​बण्ड की नंदा डोली: पहले पड़ाव मैठाणा से चमोली, क्षेत्रपाल और बिरही होते हुए दूसरे पड़ाव बटुला गांव पहुंची।

​आज (सोमवार) बधाण की डोली भेटी, बण्ड की डोली ल्वांह (दिगोली नंदादेवी मंदिर) तथा दशोली की डोली कांडेई गांव में अपने तीसरे प्रवास पर रहेंगी।

​भव्य स्वागत और धार्मिक अनुष्ठान

चरबंग में देवी पूजा के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, रघुवीर प्रधान, लक्ष्मण फर्स्वाण, महिपाल सिंह, राकेश फर्स्वाण और राय सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने यात्रा की अगवानी व विदाई की। मधकोट पहुंचने पर स्थानीय देवी-देवता पश्वाओं पर अवतरित हुए। यात्रा समिति के अध्यक्ष नरेश गौड़, पूर्व अध्यक्ष मनशा राम गौड़, कन्हैया प्रयास गौड़, राजेश गौड़, बची राम गौड़, धनी राम गौड़, दया राम गौड़, रमेश गौड़ और योगेश्वर प्रसाद गौड़ आदि पुजारियों ने अनुष्ठान संपन्न कराए।

​280 किमी यात्रा और चौसिंगा खाडू आकर्षण का केंद्र

शनिवार को कुरूड़ धाम से एक साथ विदा हुई तीनों डोलियों के लगभग 280 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय कर कैलाश स्थित होम कुंड तक जाने की संभावना है। यात्रा के साथ चल रहे दो चौसिंगा खंडु (चार सींग वाले भेड़) श्रद्धालुओं के मुख्य आकर्षण और श्रद्धा का केंद्र बने हुए हैं। भक्त डोलियों के साथ-साथ खाडुओं की विशेष पूजा-अर्चना कर भेंट चढ़ा रहे हैं।

​बड़ी जात या लोकजात? विवाद फिर गहराया

दो चौसिंगा खाडुओं की उपस्थिति के कारण यात्रा के ‘बड़ी जात’ होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन यात्रा के स्वरूप को लेकर संशय बना हुआ है। नंदा देवी राजराजेश्वरी मंदिर एवं मेला कमेटी कुरूड़ के अध्यक्ष नरेश गौड़ ने स्पष्ट किया कि बधाण की नंदा डोली ‘लोकजात यात्रा’ पर है और इसे लोकजात ही लिखा जाना चाहिए। हालांकि, विदाई के समय कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मनशा राम गौड़ चौसिंगा खाडू की पूजा-अर्चना कराते दिखे, जिससे यात्रा के नाम और स्वरूप को लेकर भ्रम स्थिति बनी हुई है।

​इस समय संपूर्ण चमोली जिला नंदा के गीतों, झोड़ों और चाचड़ियों की गूंज से भक्तिमय बना हुआ है।

Share This News