अनियंत्रित कार की चपेट में आकर बाइक सवार घायल
न्यूज लाइव संवाददाता अभिषेक कुमार गौड:–
जलालपुर ,अंबेडकरनगर। सर्किल के थाना मालीपुर क्षेत्र अंतर्गत नेमपुर से मालीपुर रोड पर अनियंत्रित कार ने मोटर साइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दिया और इसके बाद छप्पर को तोड़ते हुए दुकान में जाकर घुस गयी।
घटना बुधवार की लगभग 3 बजे भोर की है। मालीपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के पास हुये हादसे से आस-पास के लोगों में खलबली मच गई। सूचना पर यूपी हंड्रेड पुलिस व प्रभारी थानाध्यक्ष हमराही सिपाहियों केसाथ पहुॅच गये जिन लोगों ने तत्काल घायल को वाहन से स्थानीय चिकित्सालय भेजवाया। प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि करीब 50 मीटर की दूरी से ही कार अनियंत्रित हो गयी और मोटर साइकिल सवार को रौंदते हुए छप्पर को तोड़कर दुकान में घुस गयी। इस घटना मे मोटर साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है। कार में सवार लोगों को मामूली चोट आई है। घायल युवक नवीन कुमार पुत्र सुरेंद्र (25) निवासी मोहदी सराय थाना शाहगंज के रूप में पुलिस ने पहचान की है। घटना पर उपस्थित भीड़ मूक दर्शक बनी रही। जांबाज सिपाही राजेश यादव ने घायल युवक को गोद में उठाकर एंबुलेंस में लिटाया और उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। थाना अध्यक्ष संतोष कुमार द्वारा कार की तलाशी लेने के पश्चात् उसे कब्जे में लिया गया जिनका कहना है कि मामले की जांच करायी जा रही है और तहरीर मिलने के पश्चात् कार्यवाही की जायेगी।

