अपहृत युवती की परिजनों ने दी तहरीर
न्यूज लाइव संवाददाता अभिषेक कुमार गौड
आलापुर ,अम्बेडकरनगर। आलापुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर पहाड़पुर गांव में बुधवार शाम दैनिक क्रिया से निवृत होने के लिए घर से निकली युवती को गांव के ही कुछ लोगों द्वारा अगवा कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। अपहृता की मां ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी है लेकिन खबर प्रेषण तक मामला पंजीकृत नहीं हो सका था। बता दें कि सुल्तानपुर पहाड़पुर गांव निवासिनी युवती बुधवार शाम लगभग सात बजे दैनिक क्रिया से निवृत्त होने के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी बीच उसका अपहरण कर लिया गया काफी खोजबीन के बाद युवती के वापस नहीं आने पर युवती की मां ग्रामीणों के साथ आलापुर थाने पहुंची और गांव के ही दो लोगों को नामजद आरोपित करते हुए तहरीर दिया लेकिन खबर प्रेषण तक मामला पंजीकृत नहीं हो सका।थानाध्यक्ष राहुल कुमार के मुताबिक तहरीर मिली है कार्यवाही की जा रही है।

