FEATUREDGeneralLatestNewsppछत्तीसगढ़

ईश्वर शरणागति की कथा है श्रीमद्भागवत – पं० विश्वकांताचार्य

ईश्वर शरणागति की कथा है श्रीमद्भागवत – पं० विश्वकांताचार्य

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

जांजगीर चांपा – श्रीमद्भागवत की कथा ईश्वर शरणागति की कथा हैं , जीव उस ईश्वर की समक्ष अपने समस्त संसार के बंधन को भूलकर बस प्रभु की शरणागति में हो जाये तो फिर उसका भवसागर से पार होना निश्चित है। गजेन्द्र ने अपनी आत्मा की अंतर्मन से भगवान श्रीनारायण को पुकारते हुये मन से उनकी शरणागति को स्वीकार किया। भगवान ने गजेंद्र की रक्षा की व ग्राह को सद्गति प्रदान की। वास्तव में संसार के बंधन मात्र स्वार्थ के साथी हैं अन्त मे ईश्वर की शरणागति ही परम मोक्ष को प्रदान करने वाली हैं।
उक्त बातें हनुमान धारा रोड में दोमोनंद निक भवन में चल रहे संगीतमय श्रीमद्गभागवत कथा के चतुर्थ दिवस काशी – वृंदावन से पधारे पं० विश्वकांताचार्य जी महाराज ने शरणागति से ही प्रभु की भक्ति प्राप्त होने की बात कही। महाराजश्री ने गजेंद्र मोक्ष की कथा सुनाते हुये कहा त्रिकूट पर्वत पर गजेन्द्र अपने साथियो सहित तृषाधिक्य (प्यास की तीव्रता) से व्याकुल हो गया। वह कमल की गंध से सुगंधित वायु को सूंघकर एक चित्ताकर्षक विशाल सरोवर के तट पर जा पहुंचा। गजेन्द्र ने उस सरोवर के निर्मल , शीतल और मीठे जल में प्रवेश किया। पहले तो उसने जल पीकर अपनी तृषा बुझायी , फिर जल में स्नान कर अपना श्रम दूर किया। तत्पश्चात उसने जलक्रीड़ा आरम्भ कर दी। वह अपनी सूंड में जल भरकर उसकी फुहारों से हथिनियों को स्नान कराने लगा। तभी अचानक गजेन्द्र ने सूंड उठाकर चीत्कार की। पता नहीं किधर से एक मगर ने आकर उसका पैर पकड़ लिया था। गजेन्द्र ने अपना पैर छुड़ाने के लिये पूरी शक्ति लगा दी परन्तु उसका वश नहीं चला , पैर नहीं छूटा। अपने स्वामी गजेन्द्र को ग्राहग्रस्त देखकर हथिनियां , कलभ और अन्य गज अत्यंत व्याकुल हो गये। वे सूंड उठाकर चिंघाड़ने और गजेन्द्र को बचाने के लिये सरोवर के भीतर-बाहर दौड़ने लगे। उन्होंने पूरी चेष्टा की लेकिन सफल नहीं हुये।वस्तुतः महर्षि अगत्स्य के शाप से राजा इंद्रद्युम्न ही गजेन्द्र हो गये थे और गन्धर्वश्रेष्ठ हूहू महर्षि देवल के शाप से ग्राह हो गये थे। दोनों में संघर्ष चलता रहा। गजेन्द्र स्वयं को बाहर खींचता और ग्राह गजेन्द्र को भीतर खींचता। अंततः गजेन्द्र का शरीर शिथिल हो गया किन्तु पूर्व जन्म की निरंतर भगवद आराधना के फलस्वरूप उसे भगवत्स्मृति हो आयी। उसने निश्चय किया कि मैं कराल काल के भय से चराचर प्राणियों के शरण्य सर्वसमर्थ प्रभु की शरण ग्रहण करता हूं। इस निश्चय के साथ गजेन्द्र मन को एकाग्र कर पूर्वजन्म में सीखे श्रेष्ठ स्त्रोत द्वारा परम प्रभु की स्तुति करने लगा। गजेन्द्र को पीड़ित देखकर भगवान विष्णु गरुड़ पर आरूढ़ होकर अत्यंत शीघ्रता से उक्त सरोवर के तट पर पहुंचे। जब जीवन से निराश तथा पीड़ा से छटपटाते गजेन्द्र ने हाथ में चक्र लिये गरुड़ारूढ़ भगवान विष्णु को तीव्रता से अपनी ओर आते देखा तो उसने कमल का एक सुन्दर पुष्प अपनी सूंड में लेकर ऊपर उठाया और बड़े कष्ट से कहा- “नारायण ! जगद्गुरो ! भगवान ! आपको नमस्कार है। गजेन्द्र को अत्यंत पीड़ित देखकर भगवान विष्णु गरुड़ की पीठ से कूद पड़े और गजेन्द्र के साथ ग्राह को भी सरोवर से बाहर खींच लाये और तुरंत अपने तीक्ष्ण चक्र से ग्राह का मुंह फाड़कर गजेन्द्र को मुक्त कर दिया। ग्राह दिव्य शरीर-धारी हो गया , वह भगवान विष्णु के चरणो में सिर रखकर प्रणाम किया और भगवान विष्णु के गुणों की प्रशंसा करने लगा। भगवान विष्णु के मंगलमय वरद हस्त के स्पर्श से पाप मुक्त होकर अभिशप्त हूहू गन्धर्व ने प्रभु की परिक्रमा की और उनके त्रेलोक्य वन्दित चरण-कमलों में प्रणाम कर अपने लोक चला गया। भगवान विष्णु ने गजेन्द्र का उद्धार कर उसे अपना पार्षद बना लिया। गन्धर्व ,सिद्ध और देवगण उनकी लीला का गान करने लगे। गजेन्द्र की स्तुति से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने सबके समक्ष कहा- “प्यारे गजेन्द्र ! जो लोग ब्रह्म मुहूर्त में उठकर तुम्हारी की हुई स्तुति से मेरा स्तवन करेंगे , उन्हें मैं मृत्यु के समय निर्मल बुद्धि का दान करूँगा। यह कहकर भगवान विष्णु ने पार्षद रूप में गजेन्द्र को साथ लिया और गरुडारुढ़ होकर अपने दिव्य धाम को चले गये। इसी कड़ी में महाराजश्री ने इंद्र द्वारा गुरु बृहस्पति का अपमान ,
वृत्तासुर का वध , दिती कश्यप संवाद , प्रह्लाद चरित्र , हिरण्यकशिपु उद्धार , समुद्र मंथन लीला , देवासुर संग्राम , मत्स्यावतार लीला , श्रीरामजन्म और श्रीकृष्णजन्म कथा का भी श्रवण कराया। इस दौरान श्रोता नंद घर आनंद भयो , जय कन्हैया लाल की भजन में भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के साथ सभी भक्तों ने झूमकर कथा का आनंद प्राप्त किया और भक्त भाव विभोर होकर श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हो गये। भगवान के जन्मोत्सव को लेकर कथास्थल को फूलों की माला और गुब्बारों से विशेष रूप से सजाया गया था। आचार्यश्री ने बताया कि जब-जब इस धरती पर पाप बढ़ता है किसी ना किसी रूप में भगवान का जन्म होता है। महाराजश्री ने श्रद्धालुओं को श्रवण कराया कि द्वापर युग में राजा उग्रसेन मथुरा में राज्य करता था। उसके आततायी पुत्र कंस ने उसे गद्दी से उतार दिया और स्वयं मथुरा का राजा बन बैठा। कंस की एक बहन देवकी थी , जिसका विवाह वासुदेव से हुआ। एक समय कंस अपनी बहन देवकी को उसकी ससुराल पहुंचाने जा रहा था। रास्ते में आकाशवाणी हुई – ‘हे कंस , जिस देवकी को तू बड़े प्रेम से ले जा रहा है , इसी के गर्भ से उत्पन्न आठवां बालक तेरा वध करेगा।’ यह सुनकर कंस वसुदेव को मारने के लिये उद्यत हुआ। तब देवकी ने उससे विनयपूर्वक कहा – ‘मेरे गर्भ से जो संतान होगी , उसे मैं तुम्हारे सामने ला दूंगी। बहनोई को मारने से क्या लाभ है ? इसके बाद कंस ने देवकी और वासुदेव दोनो को हथकड़ी लगाकर कारागार में डाल दिया। मथुरा में राजा कंस के अत्याचार से व्यथित हो धरती की करुण पुकार सुनकर भाद्रपद कृष्ण अष्टमी तिथि की घनघोर अंधेरी आधी रात को रोहिणी नक्षत्र में मथुरा के कारागार में वसुदेव की पत्नी देवकी के गर्भ से अष्टम पुत्र के रूप में भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया। आचार्यश्री ने बताया कि जिस समय भगवान कृष्ण का जन्म हुआ ,  जेल के ताले टूट गये और सब  पहरेदार भी सो गये , वासुदेव व देवकी बंधन मुक्त हो गये।  प्रभु की कृपा से कुछ भी असंभव नहीं है।भगवान का जन्म होने के बाद वासुदेव ने भरी जमुना पार करके उन्हें गोकुल पहुंचा दिया और वहां से वे यशोदा के यहां पैदा हुई शक्तिरूपा बेटी को लेकर कारागार चले आये। कंस ने वासुदेव के हाथ से कन्या रूपी शक्तिरूपा को छीनकर जमीन पर पटकना चाहा तो वह कन्या राजा कंस के हाथ से छूटकर आसमान में चली गई। शक्ति रूप में प्रकट होकर आकाशवाणी करने लगी कि कंस , तेरा वध करने वाला गोकुल में पैदा हो चुका है। यह सुनकर कंस कई मायावी राक्षस – राक्षसियों को श्रीकृष्ण को मारने के लिये गोकुल भेजा लेकिन भगवान श्रीकृष्ण ने सबका उद्धार करते हुये धर्म और प्रजा की रक्षा के लिये कंस का भी अंत कर दिया। कथा विश्राम के समय आचार्यश्री ने गृहस्थ में रहकर सदाचार , परोपकार और सत्य के आधार पर जीवन जीने तथा सत्संग के जरिये सर्वव्यापी ईश्वर का नाम स्मरण करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भगवत स्मरण धर्म , अर्थ , काम और मोक्ष प्राप्ति का सरलतम मार्ग है। इस संगीतमय श्रीमद्गभागवत कथा में पं०विरेन्द्र तिवारी (आचार्य) , पं० श्रीराम चौबे (उपाचार्य) , पं० उमेश पांडेय (भागवत पारायण) , संगीत में कीबोर्ड एवं गायन अवनीश मिश्रा , तबला में अखिलेश मौर्या और पैड पर शशि तिवारी की सहभागिता हो रही है। कथा के आयोजक पं० मोहन द्विवेदी ने चर्चा के दौरान अरविन्द तिवारी को बताया कि दिनांक 18 दिसंबर शनिवार तक प्रतिदिन सुबह नौ बजे से कांशी के आचार्य पं० विरेंद्र तिवारी एवं पं० श्रीराम चौबे द्वारा रूद्राभिषेक भी कराया जा रहा है। जो भी श्रद्धालु सपरिवार इस अभिषेक में शामिल होने के इच्छुक हों वे एक दिन पहले अरविन्द तिवारी के मोबाइल नंबर 8839259771 पर अपना पंजीयन कराकर पूजन सामाग्री के साथ शामिल हो सकते हैं। कामधेनु सेना के प्रदेश प्रवक्ता जयप्रकाश द्विवेदी ने सभी श्रद्धालुओं से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुये श्रीमद्भागवत कथा एवं रूद्राभिषेक कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Share This News