कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026: 10वां दल सकुशल लौटा, इस वर्ष 477 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़: कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। यात्रा का दसवां और अंतिम दल दर्शन कर सकुशल भारत वापस लौट आया है।
यात्राधिकारी धन सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कुल 477 श्रद्धालुओं ने पवित्र कैलाश मानसरोवर की यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। उन्होंने बताया कि कठिन मार्गों और मौसम की चुनौतियों के बावजूद सभी यात्रियों का अनुभव बेहतरीन रहा।
यात्रा के सफल समापन पर यात्राधिकारी धन सिंह बिष्ट ने आईटीबीपी (ITBP), कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN), जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सहित यात्रा में सहयोग देने वाले सभी संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया।
दल के भारत लौटने पर स्थानीय प्रशासन द्वारा यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। वहीं श्रद्धालुओं ने भी बेहतर व्यवस्थाओं के लिए यात्राधिकारी धन सिंह बिष्ट व पूरी टीम का धन्यवाद किया।

