डीएम आशीष भटगांई की सख्त हिदायत: वनभूमि हस्तांतरण के कारण विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, तय समय में निपटाएं पेंडिंग मामले।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। जिले में सड़क और अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के निर्माण में वनभूमि हस्तांतरण के चलते हो रही देरी पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट में आयोजित वनभूमि हस्तांतरण और लैंड बैंक की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि कागजी पत्राचार या अन्य वजहों से मामले न लटकाए जाएं। निर्माणकारी विभागों को हिदायत दी गई कि प्रस्ताव ऑनलाइन अपलोड करने से पहले सभी आवश्यक अभिलेख और औपचारिकताएं पूरी तरह जांच लें, ताकि बाद में कोई आपत्ति न लगे। वहीं वन विभाग को निर्देश दिए गए कि जांच के बाद प्रस्तावों को बिना किसी कारण के रोककर न रखा जाए और उन्हें समयबद्ध तरीके से आगे भेजा जाए।
इसके साथ ही, डीएम ने जनपद स्तर पर तैयार लैंड बैंक का पुनर्मूल्यांकन करने और विकास कार्यों के लिए उपयुक्त अतिरिक्त भूमि का चयन कर उसे लैंड बैंक में जोड़ने के निर्देश भी जारी किए। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

