FEATUREDLatestNewsराजस्थान

तीन दिवसीय गीता महोत्सव का शुभारंभ

नांगल चौधरी के विधायक डा. अभय सिंह ने किया शुभारंभ

पवित्र ग्रंथ गीता का संदेश आज भी सार्थक : डा. अभय सिंह यादव

स्कूली बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

राजेश कुमार शर्मा राजस्थान स्टेट हेड

नारनौल(हरियाणा )राजस्थान राज्य के निकटवर्ती राज्य हरियाणा के नारनौल जिला मुख्यालय पर तीन दिवसीय गीता महोत्सव के शुरू हो गया है। प्राप्त समाचार के मुताबिक इस अवसर पर नांगल चौधरी के विधायक डा. अभय सिंह यादव ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता का संदेश आज भी उतना ही सार्थक है जितना वह हजारों वर्ष पहले था। समाज तनाव ग्रस्त जिंदगी जी रहा है। अगर गीता के संदेश को आत्मसात करें तो मनुष्य का जीवन सुंदर व खुशहाल होगा। राज्य सरकार द्वारा कराए जा रहे इस आयोजन का मकसद भी यही है कि इस ग्रंथ का दिव्य संदेश जन-जन तक पहुंचे और हर मानव खुशहाल बने।
श्री यादव आज स्थानीय सभागार में तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया। कार्यक्रम स्थल पर ड्राइंग अध्यापकों द्वारा आकर्षक रंगोली भी बनाई गई थी।
श्री यादव ने गीता के प्रसार-प्रचार में राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार से योग को बाबा रामदेव ने अपने प्रयासों से घर-घर पहुंचाने का काम किया है उसी प्रकार से हमें गीता के संदेश को भी घर-घर तक पहुंचाना है ताकि लोग त्याग भाव से कर्म करते रहने की प्रेरणा लें।
उन्होंने कहा कि जब से दुनिया बनी है तब से साहित्य की रचना होती रही है लेकिन गीता एकमात्र एक ऐसा ग्रंथ है जिसकी रचना युद्ध के मैदान हुई थी। हजारों साल पहले जो संदेश इस ग्रंथ में दिया गया था वह आज भी सार्थक है।
उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने युद्ध के मैदान में जो संदेश दिया था वह पूरी मानवता के लिए था। उसमें यही संदेश छुपा है कि मनुष्य का स्वभाव मूल रूप से अच्छा होता है। अच्छाई मनुष्य में प्रधान गुण होता है। जब भी अच्छाई का विनाश होता है तो उससे होने वाले नुकसान पर हर व्यक्ति व्यथित होता है। उस दुख को महसूस करता है। आदमी के अंदर चाहे कितने भी दुर्गुण हों लेकिन उसमें भी अच्छाई की प्रधानता होती है। श्री यादव ने कहा कि इंसान चाहे कितना भी बेईमान हो वह हमेशा ईमानदार की इज्जत करता है। चरित्रहीन व्यक्ति भी हमेशा चरित्रवान की इज्जत करता है। इससे स्पष्टï है कि बुरे से बुरे इंसान में भी अच्छाई छिपी होती है।
विधायक ने डाकू खडग़ सिंह व बाबा भारती की कहानी का उल्लेख करते हुए कहा कि जब डाकू खडग़ सिंह बाबा के संपर्क में आया तो उसके अंदर गुप्त अवस्था में जो अच्छाई थी वो सामने आई और वह अच्छा इंसान बन गया। उन्होंने कहा कि अध्यात्मिकता की दृष्टिï से देखें तो गीता का मूल यही है कि ईश्वर निराकार व एक है।
श्री यादव ने कहा कि आदमी का व्यवहार कर्म से ही निर्धारित होता है। अच्छाई और बुराई दोनों ही करने वाले के पास उतनी ही मात्रा में लौटकर आती है। अच्छा कर्म करेंगे तो अच्छा परिणाम मिलेगा और बुरा कर्म करेंगे तो बुरे परिणाम मिलेंगे। हम अगर समाज में हो रही घटनाओं को देखें तो यह स्पष्टï है कि जो अपराधी दूसरों को गोली से मारता है वह खुद भी एक दिन उसी गोली का शिकार होता है तथा उसका जीवन बहुत थोड़ा होता है।
कार्यक्रम में केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा से डा. दिनेश चहल व प्रजापिता ब्रह्मïकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से बीके मंजू ने गीत पर अपने व्याख्यान दिए। कार्यक्रम में मंच संचालन प्रोफेसर ममता शर्मा ने किया।
इस मौके पर सूरज स्कूल महेंद्रगढ़, आधारशिला विद्यापीठ हुडीना व यदुवंशी स्कूल नारनौल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम किए। इसके अलावा रिचा एंड पार्टी ने भी हरियाणवी लोक नृत्य पेश किया।
अतिरिक्त उपायुक्त डा. मुनीश नागपाल ने आगंतुकों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताया। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त जगदीश शर्मा ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, एसडीएम विश्राम कुमार मीणा आईएएस, चेयरमैन जेपी सैनी, तहसीलदार हर्ष कुमार के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने भी किया प्रदर्शनी का अवलोकन

नारनौल। सूचन, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से आयोजित गीता महोत्सव के पहले दिन आज जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके सौंधी ने भी शिरकत की। उन्होंने सबसे पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उसके बाद कुछ देर के लिए सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहे। उनके साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव-कम-सीजेएम शिखा भी मौजूद थी।

गीता श्लोकों से हुई शुरूआत

नारनौल। सभागर में होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रम में पहले दिन की शुरूआत श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति के सदस्यों ने गीता श्लोक, हवन-यज्ञ व गीता स्थापना के साथ की। हवन यज्ञ के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त डा. मुनीश नागपाल, एसडीएम विश्राम कुमार मीणा के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।


गीता जयंती समारोह में विभिन्न विभागों ने लगाई प्रदर्शनी
नारनौल। सभागार में शुरू हुए तीन दिवसीय गीता महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई है। इनमें डीआरडीए कार्यालय द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों व स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रदर्शनी लगाई गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा
समेकित बाल संरक्षण परियोजना, बेटी जन्म पर कुआ पुजन, वन स्टाप सेंटर व बच्चों के कल्याण से संबंधित प्रदर्शनी तथा जिला विधिक सेवा प्रधिकरण द्वारा निशुल्क कानूनी सहायता बारे प्रदर्शनी लगाई गई। इसी प्रकार महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अपनाएं बेरोजगारी दूर भगाएं व मैसर्ज ऋचा क्राफ्ट अटेली ने ज्वैलरी, स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन व श्री कृष्ण कृपा समिति ने जीओ गीता, जिला सूचना प्रौद्योगिकी समिति ने हरियाणा की मण्डियों में ई-खरीद प्रणाली की सुविधा, नेहरू युवा केंद्र व आयुष विभाग ने आहार सेवन से संबंधित प्रदर्शनी लगाई।

Share This News