थराली बाजार में जाम से निजात दिलाने को पुलिस का एक्शन, नो-पार्किंग और बिना हेलमेट पर 19 दोपहिया वाहनों के चालान।

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट
थराली (चमोली) | पिंडर घाटी के मुख्य बाजारों में आए दिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या से निपटने के लिए थराली थाना पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। बाजार क्षेत्रों में ‘नो-पार्किंग जोन’ में बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहनों और बिना हेलमेट सफर करने वालों के खिलाफ पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के पहले ही दिन पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 19 दोपहिया वाहनों के चालान काटे।
- सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों से बिगड़ रही थी व्यवस्था
पिछले लंबे समय से पिंडर घाटी के थराली, नारायणबगड़ और देवाल जैसे प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सड़क किनारे आड़े-तिरछे दोपहिया वाहन खड़े करने की प्रवृत्ति बढ़ गई थी। स्थिति यह थी कि कई स्थानीय व्यापारी भी अपने प्रतिष्ठानों के सामने सड़कों पर ही वाहन खड़े कर देते थे, जिन्हें देखकर राहगीर भी वहीं वाहन पार्क करने लगते थे। इससे संकरे बाजारों में घंटों जाम की स्थिति बनी रहती थी। कई बार पुलिस जवानों द्वारा वाहन हटाने की अपील करने पर कहासुनी और नोकझोंक की नौबत भी आ जाती थी।
- डबल हेलमेट भी अनिवार्य, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
जाम की विकराल होती समस्या को देखते हुए थराली पुलिस ने अब सीधे चालानी कार्रवाई का निर्णय लिया है। थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि प्रमुख बाजारों और कस्बों में मनमाने ढंग से वाहन पार्क करने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। मंगलवार को थराली बाजार में अभियान चलाकर नो-पार्किंग में खड़े और यातायात नियम तोड़ने वाले 19 दोपहिया वाहनों के चालान किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोपहिया वाहनों पर चालक और पीछे बैठने वाले (डबल हेलमेट) दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य है और इसका उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के इस सख्त अभियान के बाद जहां एक ओर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस पहल से पिंडर घाटी के बाजारों को जाम के झाम से बड़ी राहत डमिलेगी।

