न्यूज होम लाइव नेटवर्क टीम….
देहरादून। प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सचिव पद पर सोमवार को आधिकारिक तौर पर नयी नियुक्ति कर दी है। हल्द्वानी में तैनात श्रमायुक्त पीसीएस दीप्ति सिंह को  श्रमायुक्त के साथ ही बोर्ड सचिव का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए।
 गौरतलब है कि पीसीएस अधिकारी दीप्ति को गत फरवरी में हल्द्वानी में श्रम आयुक्त बनाया गया था। पीसीएस अधिकारी दीप्ति सिंह इससे पहले  निदेशक महिला डेयरी, सीडीईओ उधमसिंहनगर, अपर सचिव विज्ञान प्रौद्योगिकी, और सीडीओ पौड़ी का दायित्व भी संभाल चुकी हैं। दीप्ति सिंह बागेश्वर की रहने वाली हैं। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की सचिव पद पर उनकी इस तैनाती के बाद कई लोगों की आंखों की किरकिरी बनी दमयंती रावत की वहां से विदाई पर सरकारी मुहर लग गई है।