पिंडर नदी के कटाव से खतरे में रोयाणा तोक: 13 सालों से रतजगा करने को मजबूर ग्रामीण, विस्थापन या सुरक्षा कार्यों की उठाई मांग।

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट
थराली/देवाल। विकासखंड देवाल के ग्राम पंचायत देवसारी (सोडिंग लगा त्रिकोट) के अंतर्गत आने वाले रोयाणा तोक के ग्रामीणों के लिए बरसात का मौसम एक बार फिर आफत बनकर बरसा है। पिछले 13 वर्षों से लगातार हो रहे भू-धंसाव और नदी कटाव के कारण इस वर्ष गांव पर भारी खतरा मंडरा रहा है। भय के साये में जीने को मजबूर ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द सुरक्षात्मक कार्य कराने या सुरक्षित स्थानों पर विस्थापन की गुहार लगाई है।
दोहरी मार झेल रहा रोयाणा तोक
पूर्व पोस्टमास्टर कुंदन सिंह कठैत, खिलाप सिंह कठैत, महिला मंगल दल अध्यक्ष तुलसी देवी और बीना देवी सहित स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गांव दोहरे खतरे से जूझ रहा है:
- पिंडर नदी से कटाव: तोक के नीचे बहने वाली पिंडर नदी से बीते 13 वर्षों से लगातार भूस्खलन हो रहा है। इस वर्ष कटाव आवासीय मकानों से महज 10 मीटर की दूरी तक पहुंच गया है।
- पहाड़ी का पानी और दरारें: गांव के पीछे की पहाड़ी से बरसाती पानी घरों के नीचे से बह रहा है, जिससे मकान लगातार धंस रहे हैं। कई रिहायशी मकानों में चौड़ी दरारें आ चुकी हैं।
इस भू-धंसाव की वजह से गांव के पैदल रास्ते, बड़े पैमाने पर कृषि भूमि और लाखों रुपये की लागत से बना BSNL का मोबाइल टावर भी अब जमींदोज होने की कगार पर है। दो दर्जन से अधिक आवासीय मकानों पर सीधा संकट बना हुआ है।
प्रशासनिक अनदेखी से ग्रामीणों में रोष
ग्रामीणों का आरोप है कि उपजिलाधिकारी (SDM) थराली को पूरे मामले की सूचना देने और स्थलीय निरीक्षण की गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन गंभीर नहीं है। महज एक राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) को मौके पर भेजकर इतिश्री कर ली गई, जबकि सुरक्षा कार्यों को लेकर अब तक कोई ठोस निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।
भूगर्भ रिपोर्ट ठंडे बस्ते में
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2013 से शुरू हुए इस संकट को लेकर पूर्व में भूगर्भ वैज्ञानिकों की टीम ने भी गांव का सर्वेक्षण किया था। अपनी रिपोर्ट में टीम ने इस क्षेत्र को भूस्खलन प्रभावित घोषित करते हुए विस्थापन की सिफारिश की थी। इसके बावजूद इतने सालों बाद भी न तो सिफारिशों पर अमल हुआ और न ही सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया गया।
प्रशासन से मुख्य मांगें:
पहाड़ी से आ रहे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था।
पिंडर नदी के तट पर भू-कटाव रोकने के लिए तुरंत सुरक्षात्मक कार्य।
खतरा बने मकानों के परिवारों को अविलंब सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित किया जाए।

