LatestNewsछत्तीसगढ़दिल्ली

पितृपक्ष में श्राद्ध पर विशेष लेख — राष्ट्रीय सूचना प्रसारण आयुक्त अरविन्द तिवारी की कलम✍ से


मुकेश भारती की रिपोर्ट

वैसे तो भारत के अनेकों स्थानों पर पिंड दान किये जाते हैं लेकिन पिंडदान के लिये गयातीर्थ सर्वोत्तम माना गया है। श्राद्ध में पितरों का तर्पण करने के लिये तिल, जल, चाँवल, कुशा, गंगाजल आदि का इस्तेमाल जरूर करना चाहिये। वहीं केला, सफेद फूल, उड़द, गाय के दूध, घी, खीर, जौ, मूंग, गन्ना के इस्तेमाल से पितर प्रसन्न होते हैं। श्राद्ध के दौरान तुलसी, आम और पीपल के पेड़ पर जल चढ़ायें और सूर्यदेवता को सूर्योदय के समय अर्ध्य जरूर दें।
पितरों को याद करने , तर्पण एवं श्राद्ध करने के लिये 15 दिन का समय तय किया गया है। पितृपक्ष भाद्रपद मास की पूर्णिमा और आश्विन माह कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा से शुरू होते हैं। इस साल आश्विन प्रतिपदा यानी 13 सितंबर से पितृपक्ष शुरू हो रहा है। इस बार 14 को प्रतिपदा के साथ 28 सितम्बर को सर्वपितृ अमावस्या का श्राद्ध होगा। एक ओर जहाँ 16 को मध्याह्न तिथि न मिलने के कारण श्राद्ध नहीं होगा वहीं दूसरी ओर दशमीं और एकादशी का श्राद्ध एक ही दिन होगा।
हिन्दू कैलेंडर के अनुसार श्राद्ध पक्ष भाद्रपद शुक्ल पूर्णिमा से आश्विन कृष्ण अमावस्या तक कुल 16 दिनों तक चलता है। उक्त 16 दिनों में हर दिन अलग-अलग लोगों के लिये श्राद्ध होता है। वैसे अक्सर यह होता है कि जिस तिथि तो व्यक्ति की मृत्यु हुई है, श्राद्ध में पड़ने वाली उस तिथि को उसका श्राद्ध किया जाता है लेकिन इसके अलावा भी यह ध्यान देना चाहिये कि नियम अनुसार किस दिन किसके लिये और कौन सा श्राद्ध करना चाहिये ?

किसको करना चाहिये श्राद्ध ?

पिता के श्राद्ध का अधिकार उसके बड़े पुत्र को है लेकिन यदि जिसके पुत्र न हो तो उसके सगे भाई या उनके पुत्र श्राद्ध कर सकते हैं। यह कोई नहीं हो तो उसकी पत्नी कर सकती है। हालांकि जो कुंआरा मरा हो तो उसका श्राद्ध उसके सगे भाई कर सकते हैं और जिसके सगे भाई न हो, उसका श्राद्ध उसके दामाद या पुत्री के पुत्र (नाती) को और परिवार में कोई न होने पर उसने जिसे उत्तराधिकारी बनाया हो, वह व्यक्ति उसका श्राद्ध कर सकता है।

16 तिथियों का महत्व क्या है?

श्राद्ध की 16 तिथियां होती हैं, पूर्णिमा, प्रतिपदा, द्वि‍तीया, तृतीया, चतुर्थी, पंचमी, षष्टी, सप्तमी, अष्टमी, नवमी, दशमी, एकादशी, द्वादशी, त्रयोदशी, चतुर्दशी और अमावस्या। उक्त किसी भी एक तिथि में व्यक्ति की मृत्यु होती है चाहे वह कृष्ण पक्ष की तिथि हो या शुक्ल पक्ष की। श्राद्ध में जब यह तिथि आती है तो जिस तिथि में व्यक्ति की मृत्यु हुई है उस तिथि में उसका श्राद्ध करने का विधान है।
इसके अलावा प्रतिपदा को नाना-नानी का श्राद्ध कर सकते हैं। जिनकी मृत्यु अविवाहित स्थिति में हुई है उनके लिए पंचमी तिथि का श्राद्ध किया जाता है। सौभाग्यवती स्त्री की मृत्यु पर नियम है कि उनका श्राद्ध नवमी तिथि को करना चाहिये क्योंकि इस तिथि को श्राद्ध पक्ष में अविधवा नवमी माना गया है। यदि माता की मृत्यु हो गई हो तो उनका श्राद्ध भी नवमी तिथि को कर सकते हैं। जिन महिलाओं की मृत्यु की तिथि मालूम न हो, उनका भी श्राद्ध नवमी को किया जाता है। इस दिन माता एवं परिवार की सभी स्त्रियों का श्राद्ध किया जाता है। इसे मातृ नवमी श्राद्ध भी कहा जाता है।
इसी तरह एकादशी तिथि को सन्यास लेने वाले व्य‍‍‍क्तियों का श्राद्ध करने की परंपरा है जबकि संन्यासियों के श्राद्ध की ति‍थि द्वादशी (बारहवीं) भी मानी जाती है। श्राद्ध महालय के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को बच्चों का श्राद्ध किया जाता है। जिनकी मृत्यु अकाल हुई हो या जल में डूबने, शस्त्रों के आघात या विषपान करने से हुई हो, उनका चतुर्दशी की तिथि में श्राद्ध किया जाना चाहिये। सर्वपितृ अमावस्या पर ज्ञात-अज्ञात सभी पितरों का श्राद्ध करने की परंपरा है। इसे पितृविसर्जनी अमावस्या, महालय समापन आदि नामों से जाना जाता है।

श्राद्ध की तिथियाँ

13 सितंबर को पूर्णिमा का श्राद्ध,

14 को प्रतिपदा

15 को द्वितीया का श्राद्ध होगी।

16 को मध्याह्न तिथि न मिलने के कारण श्राद्ध नहीं होगा।

इसी क्रम में 17 को तृतीया,

18 को चतुर्थी,

19 को पंचमी,

20 को षष्ठी,

21 को सप्तमी,

22 को अष्टमी,

23 को मातृ नवमी,

24 को दशमी और एकादशी दोनों तिथि का श्राद्ध होगा।

25 को द्वादशी,

26 को त्रयोदशी,

27 को चतुर्दशी,

28 को अमावस्या का श्राद्ध के साथ पितृ विसर्जन होगा।

Share This News