FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़ में शर्मनाक घटना: गेस्ट हाउस में 4 नाबालिग छात्रों के साथ शराब पीते पकड़ा गया गेस्ट टीचर, परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस हिरासत में।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के झूलाघाट क्षेत्र से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) झूलाघाट में तैनात एक गेस्ट टीचर को अपने ही स्कूल के चार नाबालिग छात्रों के साथ बैठकर शराब पीते रंगे हाथ पकड़ा गया।

​रास्ता बंद होने पर गेस्ट हाउस में रुका था शिक्षक

जानकारी के अनुसार, सोमवार को जामिरपानी के पास पिथौरागढ़-झूलाघाट मार्ग पर भारी बोल्डर (चट्टान) गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। मार्ग बंद होने के कारण जीआईसी झूलाघाट में तैनात गेस्ट टीचर अजय सिंह अपने घर नहीं जा सका। इसके बाद उसने स्कूल से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक स्थानीय गेस्ट हाउस में कमरा बुक कर लिया।

​कमरे में बुलाकर शुरू की शराब पार्टी

गेस्ट हाउस में ठहरने के दौरान शिक्षक ने अपने ही स्कूल में पढ़ने वाले चार नाबालिग छात्रों को वहां बुला लिया। आरोप है कि कमरे के अंदर शिक्षक ने नाबालिग बच्चों के साथ शराब पार्टी शुरू कर दी।

​ढूंढते हुए पहुंचे परिजन तो उड़ गए होश

देर रात तक जब चारों बच्चे घर नहीं पहुंचे, तो उनके परिजन चिंतित हो उठे। स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर परिजनों ने बच्चों की खोजबीन शुरू की। तलाश करते हुए जब परिजन गेस्ट हाउस के कमरे तक पहुंचे और दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर वे दंग रह गए। कमरे के भीतर शिक्षक अपने नाबालिग छात्रों के साथ बैठकर शराब पी रहा था।

​हंगामे के बाद पुलिस ने लिया हिरासत में

इस शर्मनाक करतूत को देखकर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर भारी हंगामे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर झूलाघाट कोतवाली ले आई। शिक्षक को रातभर थाने में बैठाकर रखा गया। अगले दिन पुलिस ने उससे लिखित माफीनामा लिया और 20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।

​बर्खास्तगी की मांग, शिक्षा विभाग सख्त

घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है, और यदि वही बच्चों को नशे की लत में धकेलेगा तो समाज का क्या होगा। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

​मामले को लेकर पिथौरागढ़ के मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) तरुण कुमार पंत ने कहा कि झूलाघाट जीआईसी के अतिथि शिक्षक द्वारा विद्यार्थियों के साथ शराब पीने का मामला संज्ञान में आया है। यह बेहद गंभीर विषय है और संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This News