भुरमुनी गांव के सेना में तैनात दोनों युवकों की शुक्रवार को गमगीन माहौल में सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई।

न्यूज होम लाइव नेटवर्क।

पिथौरागढ़।  में सड़क हादसे में मृत भुरमुनी गांव के सेना में तैनात दोनों युवकों की शुक्रवार को गमगीन माहौल में सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। इस दुर्घटना में घायल तीन युवकों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

बता दें कि बृहस्पतिवार की रात पिथौरागढ़ बाजार से गांव के लिए लौटते समय अल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस दुर्घटना में आईटीबीपी में तैनात नीरज सिंह धानिक पुत्र होशियार सिंह धानिक और बंगाल इंजीनियरिंग में तैनात पंकज सिंह खड़ायत पुत्र पुष्कर सिंह खड़ायत की मौत हो गई थी। दुर्घटना में गांव के ही पवन सिंह, विपिन सिंह और कमल पांडेय घायल हो गए थे। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों जवानों के शव गांव ले जाए गए। शवों के गांव पहुंचते ही वातावरण गमगीन हो उठा। पति का शव देखकर नीरज सिंह की पत्नी सुमन बेहोश हो गई। उन्हें बमुश्किल होश में लाया जा सका। नीरज सिंह के दो मासूम बच्चे हैं। पंकज सिंह की पत्नी अंजली का भी रो-रोकर बुरा हाल है। पंकज सिंह और अंजली का विवाह पिछले वर्ष ही हुआ था।

Share This News