विधायक ने सोन से बलियापुर एवं गोविंदपुर अंचल कार्यालय द्वारा कायम जमाबंदी एवं लगान रसीद ऑनलाइन करने तथा ऑनलाइन म्यूटेशन में जनता का भयादोहन करने की शिकायत की
न्यूज होम लाइव व्यूरो उमेश चौबे।
धनबाद । गोविंदपुर एवं बलियापुर अंचलाधिकारी पर विभागीय गाज गिरेगी । भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग के प्रधान सचिव केके सोन ने सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो से बातचीत में मंगलवार को उक्त संकेत दिया। विधायक ने सोन से बलियापुर एवं गोविंदपुर अंचल कार्यालय द्वारा कायम जमाबंदी एवं लगान रसीद ऑनलाइन करने तथा ऑनलाइन म्यूटेशन में जनता का भयादोहन करने की शिकायत की है। इस संबंध में विधायक ने श्री सोन को दिए गए पत्र में कहा है कि दोनों अंचल में वर्षों से कायम जमाबंदी एवं लगान रसीद ऑनलाइन करने में मनमानी की जा रही है। सारा कागजात दुरुस्त रहने के बाद भी ऑनलाइन म्यूटेशन के मामले क्रेता के इंतजार में लटका कर रखे जाते हैं और बात नहीं बनने पर रिजेक्ट कर दिए जाते हैं। अब एक-एक भूस्वामी अपनी कायम जमाबंदी एवं लगान रसीद ऑनलाइन कराने के लिए अंचल कार्यालय की दौड़ लगा रहे हैं। इसके लिए उन्हें म्यूटेशन की तरह की प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। इस क्रम में पहले तो उन्हें अपने पुराना खाता एवं प्लॉट का नया खाता प्लॉट निकलवाने में परेशानी हो रही है । इसके बाद हल्का कर्मचारी, अंचल निरीक्षक और अंचल अधिकारी से व्यक्तिगत स्तर पर मिलने के बाद ही ऑनलाइन का काम हो रहा है। दोनों अंचलों में यह प्रक्रिया इतनी जटिल कर दी गई है कि भूस्वामी तबाह है और दोनों अंचल कार्यालयों में इसी काम के लिए प्रतिदिन जनता की भीड़ जुट रही है । अंचल कार्यालयों में ऑनलाइन के लिए दिए गए आवेदन पर तब तक कोई कार्यवाही नहीं होती, जबतक भूस्वामी व्यक्तिगत रूप से जाकर कर्मचारी और अधिकारी से नहीं मिलते । दोनों अंचल कार्यालयों में इस सिस्टम ने जनता को दौड़ाने एवं भयादोहन का एक नया तरीका इजाद कर दिया है । इसी तरह सारा कागजात दुरुस्त रहने के बाद भी रैयती जमीन के ऑनलाइन म्यूटेशन लगातार रिजेक्ट किए जाने की शिकायत जनता द्वारा मिल रही है। विधायक ने कहा है कि गोविंदपुर अंचल कार्यालय में फरवरी 2019 से ऑनलाइन के लिए दिए गए आवेदनों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है तथा एक फरवरी को कंचनपुर पंचायत सचिवालय में प्रशासन आपके द्वार शिविर में भी दिए गए ऑनलाइन के सारे आवेदन निष्पादित नहीं किए गए हैं।
विधायक ने भू स्वामियों द्वारा अंचल कार्यालयों में आवेदित रैयती जमीन जमाबंदी एवं लगान रसीद को तत्काल ऑनलाइन करने की अपील सचिव से की है। श्री महतो ने लिखा है कि इसकी जांच कराई जाए कि किस अंचल में ऑनलाइन के लिए दिए गए कितने आवेदन कितने समय से लंबित हैं । साथ ही, ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे भूस्वामी अपने अंचलों में ऑनलाइन के लिए आवेदन दें, उन्हें पावती मिले तथा एक निश्चित समय सीमा में ऑनलाइन का काम हो जाए। इसी तरह ऑनलाइन म्यूटेशन लटकाने वाले राजस्व कर्मचारी अंचल निरीक्षक एवं अंचल अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाये। विधायक ने श्री सोन से कहा कि भू माफियाओं ने गोविंदपुर और बलियापुर को अपना चारागाह बना लिया है । ऑनलाइन कर गैर आबाद जमीन की घेराबंदी और खरीद बिक्री का काम पूरे क्षेत्र में जोर शोर से हो रहा है। अंचल अधिकारियों की मिलीभगत से ऐसा किया जा रहा है । श्री सोन ने विधायक से कहा कि गोविंदपुर अंचल अधिकारी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं । इन शिकायतों की जांच कराई जा रही है जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई तय है। विधायक के इस पत्र से गोविंदपुर एवं बलियापुर अंचल कार्यालय में हड़कंप है

