विधायक फकीर राम टम्टा ने सीएम धामी से की मुलाकात, गंगोलीहाट क्षेत्र की लंबित सड़कों को जल्द पूरा करने की रखी मांग

देहरादून संवाददाता।
देहरादून/गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक फकीर राम टम्टा ने आज देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से औपचारिक भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की और जनता की समस्याओं को उनके समक्ष रखा।
विधायक टम्टा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि क्षेत्र के पव्वाधार मोटर मार्ग, पव्वाधार–चौरपाल मोटर मार्ग तथा नगर पालिका बेरीनाग–डिग्री कॉलेज मोटर मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि ये मार्ग स्थानीय जनता के सुगम आवागमन, रोजमर्रा की सुविधाओं और पूरे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि बजट एवं तकनीकी रुकावटों को दूर कर इन लंबित कार्यों को शीघ्र गति प्रदान की जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख दिखाया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश देने का पूरा भरोसा दिलाया।
मुलाकात के बाद विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि गंगोलीहाट का चहुंमुखी विकास और क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।

