सूरज के परिजनो ने पुलिस प्रशासन से हत्यारों को सजा दिलाने के लिए न्याय की गुहार लगायी।
न्यूज़ होम लाइव के लिए लालकुआं से रमाकांत पंत की रिपोर्ट
लालकुआं। सूरज हत्याकांड के बाद बिसरा और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के लिए उसके परिजनो ने कोतवाली आकर पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। तथा सूरज के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए न्याय की गुहार लगायी।
स्थानीय कोतवाली पहुंचे मृतक सूरज सक्सेना के पिता ओम प्रकाश सक्सेना, मां विशाखा, ताऊ परमेश्वरी सक्सेना और भाई तेज बहादुर ने कोतवाली में मौजूद उप निरीक्षक चंद्रशेखर जोशी से बातचीत करते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा रिपोर्ट उन्हें देने की मांग की। इस दौरान सूरज के परिजनों ने बताया कि उन्हें सूरज के मृत्यु प्रमाण पत्र की आवश्यकता है जिसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट मांगी जा रही है। इस दौरान उप निरीक्षक चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि बिसरा रिपोर्ट आने में अभी समय लगेगा। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट उन्हें जल्द प्राप्त हो जायेगी। बाद में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक योगेश उपाध्याय के निर्देश पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रति सूरज के परिजनों को सौंप दी गयी। सूरज के पिता ओमप्रकाश का कहना था कि मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी उन्हें दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। इसी दौरान उन्हें क्षेत्र के समाजसेवियों ने बताया कि दुम्का बंगर बच्चीधर्मा के ग्राम विकास सचिव द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र में रिपोर्ट लगायी जायेगी। जिसके लिए वह ऑनलाइन आवेदन करें। सूरज के परिजनों ने कोतवाली पुलिस से निवेदन किया कि सूरज के हत्यारों को कड़ी सजा दिलवाने के लिए पुलिस उनकी मदद करें।
कोतवाली पहुंचे पत्रकारों के समक्ष सूरज के परिजन फफक फफक कर रो पड़े। उनका कहना था कि सूरज की निर्मम हत्या की घटना के बाद नानकमत्ता के कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया जिनके खिलाफ पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत करके दो युवकों की गिरफ्तारी भी कर दी है। उक्त घटना से सूरज के परिजनों को काफी ठेस पहुंची है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि वह नानकमत्ता के निवासियों के खिलाफ दर्ज किए गये मुकदमे को वापस लेकर सूरज के परिजनों की मदद करें। साथ ही जल्द से जल्द बिसरा की रिपोर्ट भी सार्वजनिक की जाये। इधर पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव मोहन ने कहा कि बिसरा की रिपोर्ट आने में अभी विलंब है जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट की सत्य प्रतिलिपि मृतक के परिजनों को बहुउदेशीय भवन में लगी सिंगल विंडो सिस्टम से प्राप्त हो जायेगी।

