विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिए वीडियो कांफ्रेसिंग
मुख्य चुनाव अधिकारी ने सभी डीसी को दिए अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा वोट बनवाने के निर्देश
राजेश शर्मा /मुकेश भारती की रिपोर्ट
नारनौल, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए आज हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने राज्य के सभी उपायुक्तों की वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने चुनावों से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अब यह वीडियो कांफ्रेसिंग हर मंगलवार को होगी।
श्री रंजन ने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान जिस भी जिले में जो परेशानियां आई थी उन्हें दूर किया जाए। अगर समय से पहले हम सभी प्रकार की तैयारियां रखेंगे तो चुनावों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि सभी जिलों में जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर के कार्यालयों में विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए आने वाले युवाओं से पूछा जाए कि उनका वोट बना हुआ है या नहीं। अगर नहीं बना हुआ है तो उनके वोट बनवाने के लिए वहीं पर फार्म भरने की व्यवस्था की जाए। इसी प्रकार ड्राइवर लाइसेंस के लिए आने वाले युवाओं के भी वोट बनवाए जाएं।
उन्होंने राज्य में मतदाता लिंगानुपात भी ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन जिलों में दिव्वयांगों के लिए भी मत बनवाने के लिए अभियान चलाएं।
जिले के बारे में जानकारी देते हुए उपायुक्त जगदीश शर्मा ने बताया कि जिले में मतदाता लिंगानुपात 886 है। यानी 1000 पुरुष मतदाताओं के पीछे 886 महिला मतदाता हैं। वहीं समाज कल्याण विभाग से पेंशन ले रहे लोगों में से 800 ऐसे नागरिक हैं जिनका वोट नहीं बना है। इनके लिए भी वोट बनाने का काम किया जाएगा। डीसी ने बताया कि स्कूल कालेजों में भी एडमिशन के दौरान बच्चों के फार्म भरवाए जाएंगे।
इस मौके पर एसडीएम नारनौल डा. विनेश कुमार व डीआरओ राजकुमार के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

