जंगली हाथियों ने जबरदस्त तांडव मचाया। यहां गौला नदी मजदूरों की बस्ती में हाथियों के झुंड ने धावा बोलते हुए एक मजदूर को पैरों तले कुचला तीन घायल

न्यूज होम लाइव नेटवर्क के लिए मोहन जोशी की रिर्पोट..
लालकुआं(नैनीताल):- नैनीताल जनपद अंतर्गत बिंदुखत्ता गांव के रावत नगर तीन मंदिर क्षेत्र में बुधवार की रात जंगली हाथियों ने जबरदस्त तांडव मचाया। यहां गौला नदी मजदूरों की बस्ती में हाथियों के झुंड ने धावा बोलते हुए एक मजदूर को पैरों तले कुचल दिया जबकि तीन घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। घटना से पूरे क्षेत्र में हडकंप मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात तराई पूर्वी वन प्रभाग गौला रेंज अंतर्गत हाथियों के झुंड ने आतंक मचाते हुए रावत नगर प्रथम स्थित तीन मंदिर के पास गौला नदी किनारे झोपड़ी में खाना खा कर सोने की तैयारी कर रहे मजदूरों पर हमला बोल दिया। जब तक मजदूर कुछ समझ पाते हाथी ने एक मजदूर के पेट में पैर रखकर कुचल दिया जबकि तीन मजदूरों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
रावत नगर प्रथम स्थित तीन मंदिर के पास गौला नदी किनारे बिहार व यूपी के करीब दो दर्जन मजदूर झोपड़ी बनाकर रहते है। बुधवार की सांय को दिन भर थक हार कर सभी मजदूर खाना खा कर सोने की तैयारी कर रहे थे । तभी इमलीघाट की तरफ से आए पांच हाथियों के झुंड ने उनकी झोपड़ी पर हमला कर दिया। जब तक मजदूर कुछ समझ पाते तब तक हाथी ने भुटेली पुत्र वर्मा खरवार निवासी घगरु चंपारण बिहार के सीने में पैर रखकर कुचल दिया। जबकि दूसरे हाथी ने केदार पुत्र चंद्रिका कुबेर स्थान, कुशीनगर यूपी व अनुरुद्ध पुत्र वर्मा खरवार निवासी घगरु चंपारण बिहार को पटक दिया। हाथियों के हमले में भुटेली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि केदार व अनरुद्ध को गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि कुशीनगर यूपी निवासी राघव को भी चोटे आई है। घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर तराई पूर्वी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि उक्त घटना में एक मजदूर की मौत तथा दो घायल हैं । उन्होंने बताया मृतक के परिजनों को निर्धारित मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।

