पिथौरागढ़ में 6वें राज्य वित्त आयोग की बैठक सम्पन्न

एनएचएल नेटवर्क।
पिथौरागढ़ में 6 वें राज्य वित्त आयोग की जिला स्तरीय बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष एन. रवि शंकर सेवानिवृत्त मुख्य सचिव ने की। आयोग सदस्य पी. एस. जंगपांगी एवं डॉ. एम. सी. जोशी भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, सभी ब्लॉकों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक के दौरान माननीय अध्यक्ष जिला पंचायत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, उपाध्यक्ष जिला पंचायत दीपिका चुफाल तथा ब्लॉक प्रमुखों द्वारा आयोग अध्यक्ष एवं सदस्यों को पौधे का गमला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष द्वारा जिला पंचायत में किए जा रहे विकास कार्यों, नवाचारों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
आयोग अध्यक्ष रवि शंकर ने कहा कि राज्य को प्राप्त वित्तीय संसाधनों का उपयोग सतत, पारदर्शी एवं परिणाम-केंद्रित तरीके से होना चाहिए। उन्होंने जिला पंचायत की योजनाओं को तकनीक-आधारित बनाने तथा केंद्र–राज्य योजनाओं के प्रभावी समन्वय पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र के विकास हेतु बजट, योजनाओं की आवश्यकताओं तथा स्थानीय प्राथमिकताओं से संबंधित सुझाव राज्य वित्त आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
जिस पर आयोग के अध्यक्ष ने सभी सुझावों पर गम्भीरता से विचार करने एवं नीतिगत स्तर पर उपयुक्त अनुशंसा करने का आश्वासन दिया।
बैठक में सभी ब्लॉकों की प्रमुख, जनप्रतिनिधि, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, जिला पंचायत राज अधिकारी हरीश आर्या, तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

